ठाकुरगंज। ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के भेलगुड़ी गांव के समीप एनएच-327ई पर बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे दो तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों ट्रकों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर की जोरदार आवाज और घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ट्रक में फंसे चालक और सहचालकों को स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। सभी घायलों को स्थानीय पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना पहले ही सदर अस्पताल को मिल गई थी, जिसके कारण वहां घायलों के इलाज की तैयारी पूरी थी। इलाज के दौरान हालत बिगड़ने पर औरैया, यूपी निवासी 33 वर्षीय गजेंद्र कुमार, पिता पृथ्वीराज, 30 वर्षीय विवेक कुमार, पिता रणवीर सिंह और पूर्णिया निवासी 22 वर्षीय मोहम्मद सफीकुल, पिता शहाबुद्दीन को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
Post a Comment