Top News

गंजी-गमछा पहन पुलिस को चकमा देने निकला तस्कर, 80 लाख की स्मैक के साथ गिरफ्तार

किशनगंज/सिटी हलचल न्यूज़ 

टाउन थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए करीब 80 लाख रुपये मूल्य की 408 ग्राम स्मैक के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी बंगाल से स्मैक खरीदकर उसे बेचने के उद्देश्य से किशनगंज ला रहा था। पुलिस को चकमा देने के लिए उसने सिर्फ गंजी और गमछा पहन रखा था, लेकिन पुलिस की नजरों से बच नहीं सका।गिरफ्तार आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के ग्वालपोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत माल द्वार निवासी निखिल मंडल (30), पिता अनिल मंडल के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध टाउन थाना में प्राथमिकी दर्ज कर रविवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया


जानकारी के अनुसार, स्मैक तस्करी की गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शनिवार शाम एमजीएम मेडिकल कॉलेज के समीप जाल बिछाया था। इसी दौरान माल द्वार की दिशा से आ रहे निखिल मंडल पर पुलिस की नजर पड़ी। उसके साधारण पहनावे को देखकर शुरुआत में पुलिस को भी संदेह नहीं हुआ। हालांकि, पुख्ता सूचना के आधार पर जब उसकी तलाशी ली गई तो एक काले रंग के प्लास्टिक में छिपाकर रखी 408 ग्राम स्मैक बरामद हुई।पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने माल द्वार निवासी एक धंधेबाज से स्मैक खरीदी थी। इसे किशनगंज में बेचकर मोटी कमाई करने की योजना थी, लेकिन अपने मंसूबे में कामयाब होने से पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post