किशनगंज/सिटी हलचल न्यूज़
किशनगंज टाउन थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 3.888 किलो गांजा के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी गांजे की खेप बंगाल के कूचबिहार से खरीदकर मुर्शिदाबाद ले जा रहा था। पुलिस को चकमा देने के लिए उसने गांजे को काले रंग की प्लास्टिक में लपेटकर अपने शरीर पर बांध रखा था और ऊपर से कपड़ों से ढंक दिया था
इतना ही नहीं, वह सफर के दौरान अपना वाहन भी बदल रहा था। इसके बावजूद पुलिस की गिरफ्त से बच नहीं सका।गिरफ्तार आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत टेका रायपुर निवासी सत्तार शेख (30), पिता सैफुद्दीन शेख के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध टाउन थाना में प्राथमिकी दर्ज कर रविवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर शाम पुलिस बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन जाने वाली सर्विस रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान टाउन हॉल के समीप बस स्टैंड की दिशा से आ रहे एक व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की नजर पड़ी। पुलिस को नजदीक आते देख वह भागने लगा। जवानों ने पीछा कर उसे दबोच लिया।तलाशी के दौरान आरोपी की शर्ट और पैंट के अंदर शरीर पर काले रंग के कपड़े से बंधे भूरे रंग की प्लास्टिक में लिपटे गांजे के छह पैकेट बरामद हुए। कुल वजन 3.888 किलो पाया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।



Post a Comment