सत्ता का रौब, वीआईपी नंबर और तेज रफ्तार... इन तीनों के बीच शनिवार को दो गरीब परिवारों की दुनिया उजड़ गई। रोजी-रोटी कमाने के लिए घर से निकली दो युवतियां कभी वापस नहीं लौटीं। आरोप है कि भाजपा का झंडा लगी वीआईपी नंबर फॉर्च्यूनर ने उनकी स्कूटी को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि एक युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरी ने अस्पताल में जिंदगी की जंग हार दी। हादसे के बाद कार में सवार चार लोग घायलों को सड़क पर तड़पता छोड़ मौके से फरार हो गए।
फोटो: मृत दोनो युवतियां
मृतक युवतियों की पहचान बोचहां थाना क्षेत्र के शर्फुद्दीनपुर (गोपालपुर) निवासी नेहा कुमारी (20) और निशु कुमारी (22) के रूप में हुई है। दोनों सहेलियां थीं और एक निजी बैंक के महिला समूह में फाइनेंस कर्मी के रूप में काम करती थीं। शनिवार सुबह वे अपनी स्कूटी (BR06DQ8161) से मुजफ्फरपुर शहर काम पर जा रही थीं। उन्हें क्या पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा।
हादसा आदिगोपालपुर स्थित पेट्रोल पंप के समीप हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पूर्णिया की ओर से आ रही वीआईपी नंबर BR01BB0001 वाली फॉर्च्यूनर तेज रफ्तार में थी। कार ने पीछे से स्कूटी में इतनी भीषण टक्कर मारी कि दोनों युवतियां कई फीट दूर जा गिरीं। स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और फॉर्च्यूनर भी क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के समय फॉर्च्यूनर की स्पीड काफी तेज थी, जिसने स्कूटी को पीछे से टक्कर मारी। जिसके बाद चार लोग बाहर निकले, लेकिन घायल युवतियों को अस्पताल पहुंचाने या उनकी मदद करने के बजाय मौके से भाग निकले। लोगों का आरोप है कि इंसानियत भी उस वक्त दम तोड़ गई, जब सड़क पर दो बेटियां जिंदगी और मौत से जूझ रही थीं और आरोपी उन्हें तड़पता छोड़कर फरार हो गए।
नेहा कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल निशु कुमारी को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। एक ही गांव की दो बेटियों की मौत की खबर मिलते ही पूरे इलाके में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त फॉर्च्यूनर पर आगे भाजपा का झंडा लगा था और वाहन के दरवाजे पर भी भाजपा का झंडा अंकित था। मौके से मिले दस्तावेजों के आधार पर लोगों ने दावा किया कि वाहन पूर्णिया भाजपा नेत्री नूतन गुप्ता के नाम पर पंजीकृत है। हालांकि, पुलिस ने अभी यह आधिकारिक पुष्टि नहीं की है कि हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था। यह जांच का विषय है।
#गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापेमारी
सूचना मिलने पर बोचहां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि वाहन में सवार लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
यह हादसा केवल एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि दो मेहनतकश बेटियों के सपनों का अंत है। वे किसी मौज-मस्ती के लिए नहीं, बल्कि अपने परिवार का सहारा बनने और रोजी-रोटी कमाने निकली थीं। अब उनके घरों में सिर्फ सन्नाटा, मातम और न्याय की पुकार बची है।
Post a Comment