फरिंगगोड़ा मद्यनिषेध चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने बीएमडब्ल्यू कार से 500 एमएल की तीन बोतल बीयर बरामद कर तीन डॉक्टरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार डॉक्टर मालदा मेडिकल कॉलेज में कार्यरत बताए जा रहे हैं। उत्पाद विभाग ने शराब के साथ उनकी बीएमडब्ल्यू कार भी जब्त कर ली है। तीनों के विरुद्ध उत्पाद थाने में केस दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को उत्पाद विभाग की टीम फरिंगगोड़ा चेकपोस्ट पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सिलीगुड़ी की दिशा से आ रही डब्ल्यूबी 02 एएल 0081 नंबर की बीएमडब्ल्यू कार को संदेह के आधार पर रोका गया। तलाशी के दौरान कार से 500 एमएल की तीन बोतल बीयर बरामद हुई। इसके बाद कार सवार जलपाईगुड़ी निवासी गुड्डू बानिक उर्फ किरण कुमार बानिक, विश्वजीत रॉय और प्रतीक मोहंती को गिरफ्तार कर लिया गया।
बताया जाता है कि तीनों मालदा मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर हैं और जलपाईगुड़ी से मालदा वापस लौट रहे थे। रास्ते में मौज-मस्ती के लिए उन्होंने बीयर खरीदी थी। सिलीगुड़ी से मालदा जाने के क्रम में किशनगंज बिहार का क्षेत्र पड़ता है, जहां पूर्ण शराबबंदी लागू है। बताया गया कि डॉक्टरों को बिहार में शराबबंदी की जानकारी नहीं थी। हालांकि, कार से बीयर बरामद होने के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
इधर, फरिंगगोड़ा चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की टीम ने तीन अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि सभी बंगाल में शराब का सेवन करने के बाद किशनगंज शहर में प्रवेश कर रहे थे। जांच के दौरान उन्हें गिरफ्तार किया गया। सभी गिरफ्तार आरोपियों को अग्रतर कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
Post a Comment