पुत्र की लंबी उम्र, स्वस्थ जीवन और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर शनिवार को कोढ़ा नगर पंचायत सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में माताओं ने श्रद्धापूर्वक जितिया का कठिन निर्जला व्रत रखा। पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखा गया।
जितिया पर्व की तैयारियां महिलाओं ने एक दिन पहले से ही शुरू कर दी थीं। गेराबाड़ी बाजार सहित क्षेत्र के विभिन्न बाजारों में फल, पूजा सामग्री और अन्य आवश्यक सामान की खरीदारी को लेकर दिनभर चहल-पहल रही। घरों में भी पर्व को लेकर विशेष तैयारियां की गईं।
व्रती महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना की और जितिया माता की कथा सुनी। धार्मिक मान्यता के अनुसार माताएं संतान की रक्षा, दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना से यह कठिन निर्जला व्रत करती हैं। कई स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना कर व्रत कथा का श्रवण किया।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी घर-घर जितिया पर्व की धूम रही। महिलाओं ने परिवार की सुख-शांति और संतान के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। मातृत्व के त्याग, प्रेम और संतान के प्रति समर्पण का प्रतीक माने जाने वाले इस पर्व को लेकर पूरे कोढ़ा क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।
Post a Comment