स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत कोढ़ा नगर पंचायत क्षेत्र स्थित +2 प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय एवं +2 राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं द्वारा निकाली गई जागरूकता रैली से हुई। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वच्छता अपनाने, कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने और स्वच्छ एवं सुंदर समाज के निर्माण का संदेश दिया।
इसके बाद दोनों विद्यालयों में कबाड़ से जुगाड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें छात्राओं ने बेकार एवं अनुपयोगी सामग्री से आकर्षक और उपयोगी वस्तुएं तैयार कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में वैष्णवी कुमारी ने प्रथम, अल्पना कुमारी ने द्वितीय और आनंदी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों एवं विद्यालय प्रबंधन की ओर से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत कोढ़ा के मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। बच्चों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश घर-घर तक पहुंचाया जा सकता है। कबाड़ से उपयोगी वस्तुएं तैयार करने से बच्चों में रचनात्मकता बढ़ने के साथ कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूकता भी आती है।
कार्यक्रम का नेतृत्व नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी शहनवाज रजा एवं सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी सृष्टि सुमन ने किया। शहनवाज रजा ने विद्यार्थियों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
वहीं सृष्टि सुमन ने कहा कि कचरे को सही तरीके से अलग कर उसका उचित प्रबंधन किया जाए तो अनुपयोगी वस्तुओं का दोबारा इस्तेमाल संभव है। कबाड़ से जुगाड़ जैसी गतिविधियां बच्चों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का व्यावहारिक संदेश देती हैं।
मौके पर +2 प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार सिंह, +2 राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
Post a Comment