Top News

मुरलीगंज में भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद, एक गिरफ्तार


बिहार पुलिस मुख्यालय पटना एवं पुलिस उप महानिरीक्षक कोशी क्षेत्र सहरसा के निर्देश पर नशा कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुरलीगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर कुल 2900 शीशी प्रतिबंधित कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद किया है। वहीं एक ब्रेजा कार सवार को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपी पुलिस को देखकर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना पर पड़वा नवटोल पंचायत के वार्ड छह निवासी शिवनंदन भगत के पटुआ रखने वाले गोदाम में छापेमारी की गई। यहां से आठ बोरा एवं एक कार्टून में रखी 100 एमएल की कुल 1620 शीशी कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद हुई। वहीं पड़वा वार्ड एक में अमरजीत कुमार के घर के पीछे झाड़ी से सात कार्टून में रखी 100 एमएल की 980 शीशी सिरप जब्त की गई। इस दौरान कांड में संलिप्त आरोपी पुलिस बल को देखकर फरार हो गए।

इधर, रात्रि गश्ती के दौरान गुप्त सूचना पर नगर पंचायत के वार्ड छह में छापेमारी कर ब्रेजा कार संख्या बीआर-11 बीएन-5112 को रोका गया। कार से 100 एमएल की 300 शीशी प्रतिबंधित कोडिनयुक्त कफ सिरप एवं दो एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए गए। मौके से उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के करौती वार्ड 13 निवासी सोनू कुमार को गिरफ्तार किया गया।

थानाध्यक्ष अकमल हुसैन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया गया है। इस संबंध में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है, जबकि गिरफ्तार सोनू कुमार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post