कटिहार/ सिटी हलचल न्यूज़
बिहार के कटिहार जिले के कुरसेला में मंगलवार की अहले सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एनएच-31 पर रामपुर ग्वालटोली के समीप तेज रफ्तार और अनियंत्रित इंडियन गैस टैंकर सड़क किनारे स्थित बजरंगबली मंदिर में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मंदिर के साथ गैस टैंकर भी क्षतिग्रस्त हो गया।हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। गैस टैंकर के मंदिर से टकराने की खबर मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर जुटने लगे। सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि इतनी जोरदार टक्कर के बावजूद टैंकर से गैस का रिसाव नहीं हुआ। गैस रिसाव होने की स्थिति में हादसा और भी गंभीर रूप ले सकता था
टक्कर के बाद प्रशासन हुआ अलर्ट
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन भी अलर्ट हो गया। कुरसेला थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्थिति का निरीक्षण किया और किसी संभावित खतरे को लेकर आवश्यक सतर्कता बरती।स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसा मंगलवार की अहले सुबह हुआ। उस वक्त मंदिर के आसपास लोगों की मौजूदगी नहीं थी। यही वजह रही कि किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर हादसे के समय मंदिर के पास भीड़ होती तो नुकसान काफी बड़ा हो सकता था
मंदिर क्षतिग्रस्त, लोगों में दहशत
गैस टैंकर की जोरदार टक्कर से बजरंगबली मंदिर को नुकसान पहुंचा है। हादसे के बाद आसपास के लोगों में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा। लोग इस बात को लेकर चिंतित रहे कि कहीं टैंकर से गैस का रिसाव न शुरू हो जाए।घटना ने एनएच-31 पर सड़क किनारे स्थित मंदिर और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। पूर्व जिला पार्षद गोपाल यादव ने क्षतिग्रस्त मंदिर के स्थान पर नए मंदिर का निर्माण कराने की मांग की है।फिलहाल हादसे के बाद स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।



Post a Comment