Top News

सुधभरना जमीन पर फसल जोतने और रंगदारी मांगने का आरोप, थाने में आवेदन

पंचनामा में छह माह तक पिंटू यादव के पास जमीन रहने का उल्लेख, खेत जुताई का वीडियो भी वायरल

मुरलीगंज /मिथिलेश कुमार 

मधेपुरा : मुरलीगंज थाना क्षेत्र के पकिलपार गांव में सुधभरना जमीन पर कब्जे और फसल को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। मामले में पकिलपार वार्ड नंबर चार निवासी पिंटू कुमार यादव ने मुरलीगंज थाने में आवेदन देकर कुछ लोगों पर खेत में लगी बैंगन की फसल ट्रैक्टर से जोतकर नष्ट करने, मारपीट, फायरिंग, रुपये निकालने और रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों से आवेदन मिलने की बात कही है।

थाने में दिए आवेदन के अनुसार पिंटू कुमार यादव ने बताया कि पकिलपार मौजा स्थित खाता संख्या 213, खेसरा संख्या 1405, रकबा पांच डिसमिल 611 वर्ग कड़ी जमीन उन्होंने अरुणदेव यादव एवं चंद्रकिशोर यादव से सुधभरना लिया था। आवेदक का दावा है कि उक्त जमीन उसके दखल-कब्जे में है और उसमें बैंगन की फसल लगी थी।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि 22 सितंबर की शाम करीब चार बजे पकिलपार वार्ड नंबर चार निवासी धीरज यादव, गोविंद यादव, नथन यादव, शुभम कुमार, विकास यादव सहित अन्य लोग हथियार के साथ खेत पर पहुंचे। आरोप है कि ट्रैक्टर से खेत में लगी बैंगन की फसल को जोतकर नष्ट कर दिया गया। विरोध करने पर पिंटू यादव के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।आवेदक ने यह भी आरोप लगाया है कि घटनास्थल पर फायरिंग की गई तथा उसकी जेब से बैंगन बिक्री के करीब 25 हजार रुपये निकाल लिए गए। इसके अलावा 50 हजार रुपये रंगदारी मांगने का भी आरोप लगाया गया है। हालांकि आवेदन में फायरिंग की घटना में किसी के घायल होने की बात नहीं कही गई है। हल्ला सुनकर आसपास के लोगों के पहुंचने के बाद आरोपितों के वहां से चले जाने की बात आवेदन में कही गई है।

पंचनामा में छह माह तक जमीन पिंटू के पास रहने का उल्लेख

मामले से संबंधित पूर्व के पंचनामा के अनुसार 9 अगस्त 2026 को सुधभरना जमीन के लेनदेन को लेकर पंचायत हुई थी। पंचनामा में उल्लेख है कि 29 जुलाई को अरुणदेव यादव से धीरज यादव और गोविंद यादव ने 28,100 रुपये में उक्त जमीन सुधभरना ली थी। इसके बाद अरुणदेव यादव ने पिंटू यादव से 28,100 रुपये लेकर धीरज यादव और गोविंद यादव को राशि वापस कर दी।पंचनामा में पंचायत के निर्णय के तौर पर उल्लेख किया गया है कि इसके बाद उक्त जमीन छह महीने तक पिंटू यादव के पास रहेगी। दस्तावेज में संबंधित पक्षों द्वारा पंचायत के निर्णय को सुन-समझकर बिना किसी दबाव के हस्ताक्षर करने की बात भी दर्ज है।

खेत जुताई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

इधर, खेत की जुताई से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। चंदन कुमार नाम की आईडी से पोस्ट किए गए वीडियो में खेत में ट्रैक्टर से जुताई होती दिखाई दे रही है। वीडियो में कुछ लोगों के हाथ में लाठी तथा एक युवक के हाथ में कथित तौर पर देसी कट्टा जैसा हथियार दिखाई दे रहा है। वीडियो में  अपराधी के मौजूद होने का भी दावा किया जा रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।इस संबंध में थानाध्यक्ष अकमल हुसैन ने बताया कि दोनों पक्षों से आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post