Top News

ज्वेलर्स दुकान में अचानक बिगड़ी तबीयत, ग्राहक की मौत

कोढ़ा नगर पंचायत के वार्ड संख्या 6 स्थित गेराबारी बाजार हटिया में रविवार को संगम ज्वेलर्स की दुकान पर खरीदारी करने पहुंचे 55 वर्षीय व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान हथवारा पंचायत के अमोल गांव निवासी नरेश राय, पिता स्वर्गीय रूपनारायण राय के रूप में हुई है।

संगम ज्वेलर्स के प्रोपराइटर मनोज कुमार के अनुसार, नरेश राय करीब 10 बजे दुकान पर पहुंचे थे। दुकान में मौजूद रहने के दौरान अचानक उन्हें बेचैनी महसूस होने लगी। उनकी हालत बिगड़ती देख दुकानदार ने तत्काल उनके मुंह पर पानी के छींटे मारे और आसपास के लोगों की मदद ली। इसी दौरान नरेश राय अचानक जमीन पर गिर पड़े।

घटना के बाद दुकान संचालक ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोढ़ा ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. गिरीश चौहान ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही कोढ़ा पुलिस भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ कर जांच शुरू कर दी है।

इधर, दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के संबंध में दुकानदार मनोज कुमार ने बताया कि दुकान में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन कैमरों से जुड़ी एलईडी स्क्रीन खराब है। बाजार में दुकान के अंदर अचानक हुई मौत की घटना से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस के अनुसार, मौत के वास्तविक कारण का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post