पूर्णियाँ /बालमुकुन्द यादव
कटिहार का कुरसेला थाना क्षेत्र एक बार फिर गांजा तस्करी के मामले में चर्चा में है। कुरसेला की ओर गांजे की बड़ी खेप पहुंचाने जा रहे चार कथित तस्करों को पूर्णिया पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 246.05 किलोग्राम गांजा जैसा पदार्थ बरामद किया है, जिसकी कीमत पुलिस के अनुसार करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन मोबाइल फोन और दो चारपहिया वाहन भी जब्त किए हैं।पुलिस के अनुसार,13 सितंबर 2026 को सदर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो और ग्रे रंग की सुजुकी स्विफ्ट कार में भारी मात्रा में अवैध एवं प्रतिबंधित मादक पदार्थ गांजा ले जाया जा रहा है। दोनों वाहन फारबिसगंज की ओर से जीरोमाइल, पूर्णिया होते हुए कुरसेला की तरफ जाने वाले थे
गुप्त सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्णिया डॉ. सुमन शौर्य के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। इसके बाद टीम ने एनएच-57 मुख्य सड़क के पास गुलाबबाग धर्मकांटा मंडी गेट नंबर-02 के समीप संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली।तलाशी के दौरान सफेद रंग की स्कॉर्पियो और ग्रे रंग की सुजुकी स्विफ्ट कार से कुल 246.05 किलोग्राम गांजा जैसा पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू कुमार (24), अनंत कुमार (24), मो. खुर्शीद (19) और अवधेश मंडल (26) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक सोनू कुमार और अनंत कुमार फारबिसगंज थाना क्षेत्र के भागखोहलिया निवासी हैं। मो. खुर्शीद अमारा, फारबिसगंज का रहने वाला है, जबकि अवधेश मंडल भी भागखोहलिया का निवासी बताया गया है
दो गाड़ियों में छिपाकर ले जा रहे थे गांजा
पुलिस की कार्रवाई में दो चारपहिया वाहनों का इस्तेमाल सामने आया है। दोनों वाहनों की तलाशी में बड़ी मात्रा में गांजा जैसा पदार्थ बरामद किया गया। बरामद खेप का कुल वजन 246.05 किलोग्राम बताया गया है।पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की यह बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे कुरसेला में किसे पहुंचाया जाना था।



Post a Comment