पूर्णियाँ /बालमुकुन्द यादव
बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। तस्कर पुलिस को चकमा देने के लिए लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं। कभी डाक पार्सल, कभी एंबुलेंस तो कभी दूसरे सामान की आड़ में शराब की खेप बिहार पहुंचाई जा रही है। इस बार तस्करों ने शराब छिपाने के लिए हाइड्रेशन ड्रिंक और ओआरएस जैसे जीवन रक्षक घोल के पैकेट की आड़ का सहारा लिया। हालांकि, पूर्णिया पुलिस की कार्रवाई में तस्करों का पूरा खेल पकड़ लिया गया।पुलिस को सूचना मिली थी कि बीआर 01 जीपी 6334 नंबर के ट्रक में विदेशी शराब लोड है। यह ट्रक असम से चलकर पूर्णिया के रास्ते समस्तीपुर जाने वाला था। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई के लिए जिला आसूचना इकाई और सदर थाना की टीम गठित की गई
टीम ने सूचना के आधार पर जीरो माइल, शीशाबाड़ी मस्जिद के पास उक्त ट्रक को रोक लिया। ट्रक में चालक के साथ दो अन्य व्यक्ति भी सवार थे। पुलिस ने जब उनसे पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि ट्रक में एप्पल का हाइड्रेशन ड्रिंक और विदेशी शराब।लोड है।इसके बाद पुलिस टीम ने ट्रक की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक से विभिन्न ब्रांड की 110 पेटी विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की कुल मात्रा 1074.6 लीटर बताई गई है।पुलिस ने ट्रक से बड़ी मात्रा में एप्पल हाइड्रेशन ड्रिंक भी बरामद किया। पुलिस के अनुसार करीब 1100 पेटी हाइड्रेशन ड्रिंक, जिसकी कुल मात्रा 17,820 लीटर है, ट्रक से मिली
पूछताछ में समस्तीपुर के नीतीश कुमार का नाम आया
सदर एसडीपीओ अभिनव परासर ने बताया कि विदेशी शराब के संबंध में गिरफ्तार लोगों से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि शराब की यह खेप समस्तीपुर के नीतीश कुमार की है।पुलिस ने मामले में ट्रक चालक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भूषण राय (41 वर्ष), प्रमोद राय (35 वर्ष) और नीलेश कुमार (28 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों चकजलाल, वार्ड नंबर-08, थाना हलई, जिला समस्तीपुर के रहने वाले बताए गए हैं।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की इतनी बड़ी खेप बिहार में कहां पहुंचाई जानी थी और इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। बरामद शराब और गिरफ्तार आरोपियों के आधार पर पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।पूर्णिया में हुई इस कार्रवाई ने एक बार फिर दिखा दिया है कि शराब तस्कर पुलिस से बचने के लिए किस तरह सामान बदल-बदलकर शराब की खेप बिहार पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।



Post a Comment