Top News

गंगा के बढ़े जलस्तर से कारी कोशी का बैकवाटर, रुपौली में राहत अभियान तेज

 

7 सामुदायिक रसोई, 4 मेडिकल टीमें और बोट एंबुलेंस सक्रिय; 19 नावों से आवागमन, 178 क्विंटल पशु चारा बांटा

रुपौली /बालमुकुन्द यादव 

रुपौली/पूर्णिया। गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि के बाद कारी कोशी नदी में आए बैकवाटर से प्रभावित रुपौली प्रखंड के इलाकों में जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया है। जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार के निर्देश पर प्रभावित पंचायतों में सामुदायिक रसोई, चिकित्सा सुविधा, नाव परिचालन, पशु चिकित्सा और राहत सामग्री वितरण का काम लगातार जारी है।जरूरतमंद लोगों को गर्म एवं ताजा भोजन उपलब्ध कराने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में 7 सामुदायिक रसोई केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। कोयली सिमरा पश्चिम पंचायत में मध्य विद्यालय पुरानी नंदगोला, जबकि कोयली सिमरा पूरब पंचायत में प्राथमिक विद्यालय कौशिकपुर, मध्य विद्यालय कौशिकपुर और उच्च माध्यमिक विद्यालय सिमरा में सामुदायिक रसोई चल रही है। वहीं भौवा प्रबल पंचायत के मध्य विद्यालय मझोडीह, उच्च मध्य विद्यालय जंगल टोला और मध्य विद्यालय अंझरी में भी रसोई संचालित है


700 से अधिक लोगों को दवा, 100 से ज्यादा घरों में हेलोजन टैबलेट

बाढ़ प्रभावित आबादी को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 4 विशेष मेडिकल टीमों की तैनाती की गई है। अब तक 700 से अधिक लोगों को जरूरत के अनुसार दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जबकि 100 से अधिक घरों में हेलोजन टैबलेट का वितरण किया गया है। जलमग्न क्षेत्रों से आपात स्थिति में मरीजों को सुरक्षित निकालने के लिए एक बोट एंबुलेंस भी संचालित की जा रही है।प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था के लिए 8 स्थानों पर अस्थायी शौचालय बनाए गए हैं। आवागमन सुचारु रखने के लिए 19 नावों का परिचालन किया जा रहा है।

पशुओं के लिए 178 क्विंटल चारा, 982 का इलाज

बाढ़ से प्रभावित पशुपालकों को भी प्रशासन की ओर से राहत दी जा रही है। अब तक 178 क्विंटल पशु चारा वितरित किया जा चुका है, जबकि पशु चिकित्सा दल ने 982 पशुओं का इलाज किया है। प्रभावित परिवारों के बीच 220 प्लास्टिक शीट (तिरपाल) भी वितरित की गई हैं


अधिकारियों ने लिया जायजा, सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

वरीय पदाधिकारियों द्वारा लगातार प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है। अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन शाखा पूर्णिया सुजय कुमार सिंह, एडीएमओ प्रणव कुमार एवं रुपौली के अंचलाधिकारी शिवानी सुरभि ने कोयली सिमरा पूरब में संचालित सामुदायिक किचन का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं।जिला प्रशासन ने कहा है कि बाढ़ की स्थिति पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। जरूरत के अनुसार राहत एवं बचाव कार्यों का दायरा और बढ़ाया जाएगा। आपात स्थिति में जिला आपातकालीन संचालन केंद्र के टोल फ्री नंबर 06454-242317 / 242319 / 242320 पर संपर्क किया जा सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post