के.हाट थाना पुलिस ने मोबाइल झपटमारी की घटना का उद्भेदन करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपित शहर में प्रवेश करने से पहले ही वाहन जांच के दौरान पकड़े गए। पुलिस को दोनों के संबंध में पहले से इनपुट प्राप्त था।
पुलिस के मुताबिक, 28 अगस्त को के.हाट थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाश एक व्यक्ति से मोबाइल झपटकर फरार हो गए थे। इस मामले में के.हाट थाना में कांड संख्या 381/26 के तहत धारा 304 बीएनएस में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना के बाद सदर-1 एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
गठित टीम द्वारा लगातार संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी के साथ सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 3 सितंबर को के.हाट थाना पुलिस ने एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने 28 अगस्त को हुई मोबाइल झपटमारी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मरंगा थाना क्षेत्र के बिंद टोला वार्ड संख्या-09 निवासी रमण कुमार और मरंगा मुर्गी फार्म वार्ड संख्या-09 निवासी राजेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Post a Comment