Top News

फ्रिज में ठंडी बीयर, बक्सों में शराब का जखीरा! पूर्णिया में लॉज पर छापा, 234 लीटर विदेशी शराब बरामद

पूर्णियाँ /बालमुकुन्द यादव 

बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब के अवैध कारोबार का खेल जारी है। पूर्णिया में शराब तस्करों ने शराब छिपाने के लिए लॉज के अंदर फ्रिज और टीन के बक्सों का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने रंगभूमि मैदान के समीप स्थित एक लॉज में छापेमारी कर 234 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। मौके से दो टीन के बक्से और एलजी कंपनी का एक फ्रिज भी जब्त किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध शराब कारोबार को लेकर चर्चा तेज हो गई है


मिली जानकारी के अनुसार, पूर्णिया पुलिस शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए विशेष अभियान चला रही है। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि रंगभूमि मैदान के समीप संजय कुमार अधिवक्ता के लॉज में तस्करी के उद्देश्य से भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है।सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ-01 के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने लॉज में छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।इस मामले में सामने आई जानकारी के मुताबिक, शराब को छिपाने के लिए फ्रिज और टीन के बक्सों का इस्तेमाल किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि फ्रिज में बीयर ठंडी रखकर उसकी सप्लाई भी की जाती थी। पुलिस की कार्रवाई में कुल 234 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई है। इसके अलावा शराब छिपाने और रखने में इस्तेमाल किए जा रहे दो टीन के बक्से और एक एलजी कंपनी का फ्रिज भी जब्त किया गया है


इस मामले में के.हाट थाना में कांड संख्या 471/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2016 (संशोधित प्रावधानों सहित) की धारा 30(ए) के तहत कार्रवाई की है।फिलहाल मामले में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किन-किन जगहों पर की जानी थी।पूर्णिया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करी के नेटवर्क पर शिकंजा कसने की कोशिश तेज हुई है।अब जांच के दौरान यह पता चलना अहम होगा कि लॉज में शराब रखने के पीछे किन लोगों की भूमिका थी और ठंडी बीयर की सप्लाई का नेटवर्क कितना बड़ा था। पुलिस की आगे की कार्रवाई से इस मामले में और खुलासे होने की उम्मीद है।

Post a Comment

Previous Post Next Post