रूपौली/बालमुकुन्द यादव
पूर्णिया। रूपौली अंचल के बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए प्रशासन की ओर से अनुग्रह राहत (जीआर) राशि का भुगतान किया जा रहा है। अब तक 26,762 परिवारों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 18 करोड़ 73 लाख 34 हजार रुपये भेजे जा चुके हैं। वहीं, 3,215 परिवारों का पीएफएमएस सत्यापन अंतिम चरण में है। सत्यापन पूरा होने के बाद इन परिवारों के खातों में भी राहत राशि भेजी जाएगी
प्रशासन के अनुसार, पहले चरण में 23,866 परिवारों को 16.70 करोड़ रुपये, जबकि दूसरे चरण में 2,896 परिवारों को 2.02 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है। बाढ़ से रूपौली अंचल की 11 पंचायतों के 34 गांव प्रभावित हुए थे। प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन की ओर से कई स्तरों पर व्यवस्था की गई थी
बाढ़ के दौरान सामुदायिक रसोई के माध्यम से 21,665 लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया। वहीं, पांच स्वास्थ्य शिविरों और एक बोट एंबुलेंस की मदद से 14,932 मरीजों का उपचार किया गया। इसके अलावा जरूरतमंद परिवारों के बीच 1,702 पॉलिथीन शीट और 1,000 सूखा राशन पैकेट का वितरण किया गया।जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने बताया कि बाढ़ से प्रभावित किसानों को फसल क्षति अनुदान उपलब्ध कराने के लिए आवेदनों का सत्यापन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आवेदनों की स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाई जा रही है, ताकि पात्र किसानों को नियमानुसार अनुदान का लाभ मिल सके।



Post a Comment