डायल 112 में तैनात एक सिपाही ने रविवार सुबह टाउन थाना परिसर स्थित पुलिस बैरक में अपनी सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान भागलपुर जिले के सुल्तानपुर गंगापुर निवासी 32 वर्षीय समीर कुमार, पिता नागेश्वर दास के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह समीर कुमार बैरक में अपने बिस्तर पर लेटे हुए पत्नी और बेटे से वीडियो कॉल पर बात कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर वह अचानक आक्रोशित हो गए और अपनी सर्विस रिवॉल्वर से कनपटी में गोली मार ली। गोली बाईं कनपटी से लगकर दाईं ओर से निकल गई। गोली की आवाज सुनकर बैरक में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों के बीच अफरातफरी मच गई।
सूचना मिलते ही टाउन थानाध्यक्ष मुकेश कुमार मौके पर पहुंचे। घायल सिपाही को आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी संतोष कुमार, एसडीपीओ खुसरू सिराज समेत कई वरीय पुलिस अधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे। मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई।
**एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम की हुई वीडियोग्राफी**
घटना की जांच के लिए एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर शव के पोस्टमार्टम के लिए चिकित्सकों की टीम गठित की गई। पोस्टमार्टम से पहले शव का एक्स-रे कराया गया। मजिस्ट्रेट सह सीओ राहुल कुमार की मौजूदगी में डॉक्टर सुभोजीत, डॉक्टर कृष्णानंद और डॉक्टर अनवर आलम की टीम ने पोस्टमार्टम किया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमार्टम के बाद शव पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस परिजनों के किशनगंज पहुंचने का इंतजार कर रही थी, ताकि शव उन्हें सौंपा जा सके।
**भाई की मौत और पत्नी की बीमारी से तनाव में थे समीर**
साथी पुलिसकर्मियों के अनुसार, कुछ माह पहले समीर कुमार के भाई की मौत हो गई थी। वहीं, पत्नी की बीमारी के कारण भी वह तनाव में थे। समीर की पहली पोस्टिंग वर्ष 2015 में समस्तीपुर जिले में हुई थी। इसके बाद उनका स्थानांतरण मधुबनी हुआ, जहां उन्होंने वर्ष 2022 से 2025 तक सेवा दी। इसके बाद उन्हें किशनगंज स्थानांतरित किया गया। कुछ दिनों तक पुलिस लाइन में रहने के बाद करीब 20 दिन पहले से वह टाउन थाना परिसर स्थित बैरक में रह रहे थे।
एसपी संतोष कुमार ने बताया कि रविवार सुबह 8:15 बजे कांस्टेबल समीर कुमार ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले उन्होंने परिवार के सदस्यों से बातचीत की थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Post a Comment