बीच बाजार अधिवक्ता का दिनदहाड़े मर्डर, सीने पर चढ़कर कनपटी में मारी गोली; तीन हमलावरों ने घेरकर किया हमला, वीडियो सामने आया
कटिहार/सिटी हलचल न्यूज़
बिहार के कटिहार में सोमवार को दिनदहाड़े बीच बाजार एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। नगर थाना क्षेत्र के कुम्हार टोली स्थित पटेल चौक के पास हुई इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान अधिवक्ता गुड्डू अंसारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पहले उन्हें घेरा और उनके साथ मारपीट की। इसके बाद जमीन पर गिरे अधिवक्ता के सीने पर चढ़कर उनकी कनपटी में गोली मार दी। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। गंभीर हालत में अधिवक्ता को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिनदहाड़े बाजार में हुई हत्या के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
तीन हमलावरों ने घेरकर किया हमला, सिर में मारी गोली
स्थानीय लोगों के अनुसार, गुड्डू अंसारी को पटेल चौक के पास तीन लोगों ने घेर लिया। इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने अधिवक्ता को सड़क पर गिरा दिया और उनके ऊपर चढ़कर सिर,कनपटी में गोली मार दी।गोली लगते ही अधिवक्ता सड़क किनारे फुटपाथ की सीढ़ियों के पास गिर पड़े। वारदात इतनी अचानक हुई कि बाजार में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद मौके से निकल गए।
हत्या का वीडियो भी आया सामने
इस सनसनीखेज वारदात का कथित वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में कुछ लोगों को अधिवक्ता को घेरते हुए देखा जा रहा है। गोली चलने के बाद हमलावरों के मौके से निकलने की बात भी सामने आई है। वीडियो दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की पुलिस स्तर से जांच की जा रही है
दो-तीन महीने पहले हुआ था विवाद, गोली मारने की धमकी का दावा
अधिवक्ता गुड्डू अंसारी की हत्या के बाद उनके रिश्तेदारों ने कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रिश्तेदारों का कहना है कि आरोपी बताए जा रहे कुछ लोग मृतक के घर के आसपास ही रहते हैं।रिश्तेदारों के मुताबिक, करीब दो-तीन महीने पहले किसी विवाद को लेकर गुड्डू अंसारी और आरोपियों के बीच बहस हुई थी। उस दौरान उन्हें गोली मारने की धमकी दिए जाने का भी दावा किया जा रहा है। परिजनों को आशंका है कि उसी पुरानी रंजिश में उनकी हत्या की गई है।हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह क्या है, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने फिलहाल किसी एक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पिता भी थे अधिवक्ता
गुड्डू अंसारी कटिहार व्यवहार न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में प्रैक्टिस करते थे। बताया गया है कि उनके पिता भी जिले के प्रतिष्ठित अधिवक्ताओं में रहे हैं। अधिवक्ता की दिनदहाड़े हत्या की खबर मिलते ही न्यायिक और अधिवक्ता जगत में भी शोक और आक्रोश का माहौल है। घटना के बाद अधिवक्ताओं ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है
मौके पर पहुंची पुलिस, CCTV और वीडियो की जांच
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। सामने आए कथित वीडियो की भी जांच की जा रही है।पुलिस हमलावरों की पहचान करने के साथ ही उनके भागने के रास्ते और घटना से पहले तथा बाद की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।दिनदहाड़े बाजार में अधिवक्ता की हत्या ने कटिहार की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस हत्या की पूरी साजिश के पीछे कौन लोग थे और वारदात की वास्तविक वजह क्या थी।



Post a Comment