कोढ़ा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए वाहन जांच के दौरान दो युवकों को देशी कट्टा, मोबाइल और नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वाहन संख्या BR-11BX-7475 की तलाशी के दौरान एक देशी कट्टा, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और 10,500 रुपये नकद बरामद किए।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मनीष कुमार रजक (22), पिता वासुदेव रजक, निवासी भंगहा तथा रितिक यादव (20), पिता सिकन्दर यादव, निवासी सिमरिया लोहनी, थाना पोठिया, जिला कटिहार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर वाहन की जांच की गई। तलाशी के दौरान हथियार समेत अन्य सामान बरामद होने पर दोनों युवकों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई कोढ़ा थानाध्यक्ष पंकज आनंद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की।
पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि देशी कट्टा उनके पास किस उद्देश्य से था तथा उनका किसी आपराधिक गतिविधि से संबंध है या नहीं। मामले में पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Post a Comment