कटिहार/सिटी हलचल न्यूज़
गोविंदपुर बहियार की बड़ी नहर से 14 वर्षीय मो. दिलशाद का शव बरामद होने के मामले में शुक्रवार को नया घटनाक्रम सामने आया। एक नामजद आरोपी मृतक के घर पहुंचकर परिजनों से हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा। इस दौरान वहां मौजूद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।मामले में पीड़ित पक्ष की शिकायत पर तीन युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने गोविंदपुर निवासी कुंदन कुमार (21) और उज्ज्वल कुमार को गिरफ्तार किया है। तीसरे आरोपी छोटू कुमार की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।पुलिस पूछताछ में नशे के दौरान विवाद के बाद मारपीट में दिलशाद की मौत होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बताया कि घटना के दिन चारों युवकों ने नशा किया था। इसी दौरान विवाद हुआ और दिलशाद के साथ मारपीट की गई
जिसमें उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को नहर में फेंक दिया गया। हालांकि, पुलिस आरोपियों के बयानों की सत्यता की जांच कर रही है।घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने महेशपुर के समीप कुरसेला-फारबिसगंज स्टेट हाईवे जाम कर तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। स्थानीय लोगों की पहल पर बाद में जाम हटाया गया।आरोपी को मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जाने की चर्चा के बाद महेशपुर और गोविंदपुर के बीच तनाव की आशंका को देखते हुए पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। थानाध्यक्ष प्रहलाद कुमार यादव ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और तीसरे की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है।


Post a Comment