Top News

डॉक्टर के मकान में शराब का स्टॉक, होम डिलीवरी के लिए दो गिरफ्तार

पूर्णियाँ /बालमुकुन्द यादव 

शहर के बीचों-बीच शराब की होम डिलीवरी का मामला सामने आया है। के.हाट थाना क्षेत्र के फोर्ड कंपनी चौक स्थित रेडियो स्टेशन के पास एक मकान में छापेमारी कर उत्पाद विभाग की टीम ने करीब 15 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नया टोला निवासी शंकर और बिट्टू के रूप में हुई है।मिली जानकारी के अनुसार, उत्पाद पुलिस को इलाके में विदेशी शराब के अवैध भंडारण की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने बताए गए ठिकाने पर छापेमारी कर मकान की तलाशी ली। इस दौरान शराब का स्टॉक बरामद हुआ। बताया जाता है


कि मकान एक डॉक्टर का है, जिसमें किराएदार रह रहा था।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी शराब का स्टॉक कर छोटे वेंडरों के माध्यम से शहर के विभिन्न इलाकों में होम डिलीवरी कराते थे। शराब की खेप पहुंचते ही उत्पाद पुलिस ने कार्रवाई कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर शराब की आपूर्ति के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब कहां से लाई जाती थी और शहर में किन-किन इलाकों में इसकी सप्लाई होती थी। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post