Top News

# तिलक समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो नहर में समाई, 6 लोगों की मौत से मचा कोहराम; खुशियां मातम में बदलीं

 

अररिया/सिटी हलचल न्यूज़ 

अररिया/बिहार। बिहार के अररिया जिले में बुधवार की देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। तिलक समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे लोगों की स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर गहरे पानी से भरी नहर में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि वाहन में सवार सात लोगों में से छह की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। एक ही हादसे में छह लोगों की मौत की खबर मिलते ही इलाके में मातम पसर गया।यह भीषण दुर्घटना बैरगाछी-सिकटी मुख्य मार्ग पर ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल के समीप हुई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पुल के पास तीखे मोड़ पर अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे नहर में समा गई। देखते ही देखते वाहन पानी में डूब गया और उसमें सवार लोगों की जान पर बन आई।

### तिलक समारोह से लौट रहे थे सभी, रास्ते में काल बनकर आया हादसा

जानकारी के अनुसार, हादसे के शिकार सभी लोग सुपौल जिले के पिपरा प्रखंड अंतर्गत थुमहा गांव के रहने वाले थे। वे अररिया जिले के सिकटी प्रखंड की ढेडुआ पंचायत अंतर्गत भपटिया गांव में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने आए थे। समारोह संपन्न होने के बाद सभी लोग स्कॉर्पियो से अपने घर सुपौल लौट रहे थे।परिजनों को क्या पता था कि जिस समारोह से वे खुशियां लेकर घर लौट रहे हैं, वही सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। बीड़ी पुल के पास तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सीधे गहरे पानी से भरी नहर में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

### नहर में डूबी स्कॉर्पियो, लोगों ने जान जोखिम में डालकर किया रेस्क्यू

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। नहर में स्कॉर्पियो को डूबता देख लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ताराबाड़ी थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे सभी सात लोगों को नहर से बाहर निकाला।सभी को आनन-फानन में सदर अस्पताल, अररिया पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद छह लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक घायल व्यक्ति का इलाज जारी है। घटना की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और परिचितों की भीड़ जुट गई। अपनों को खोने के गम में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

### एसपी ने की छह मौतों की पुष्टि

अररिया के एसपी जितेंद्र कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि तिलक समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो बीड़ी पुल के समीप अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई थी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में सवार सभी सात लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां छह लोगों की मौत हो गई। एक घायल व्यक्ति का इलाज चल रहा है।

एसपी ने बताया कि घटना के बाद इलाके में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।

एक समारोह की खुशियां मनाकर घर लौट रहे परिवारों पर इस हादसे ने दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। जिस घर में कुछ देर पहले मांगलिक कार्यक्रम की खुशियां थीं, वहां अब अपनों को खोने का गम छा गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post