कसबा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-7 स्थित गढ़बनैली हाई स्कूल के पास हुए भीषण सड़क हादसे में घायल दादी और पोते की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों की पहचान 55 वर्षीय सुनीता देवी और उनके चार वर्षीय पोते आर्यन कुमार के रूप में हुई है। सोमवार देर शाम दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, बीते 9 नवंबर की सुबह करीब सात बजे कसबा की ओर से एनएच-27 की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार (BR-11-BL-2121) अनियंत्रित होकर गढ़बनैली हाई स्कूल के पास स्थित सुनीता देवी के घर में घुस गई थी। कार ने घर के बरामदे में बैठे लोगों को रौंद दिया। इसके बाद घर के अंदर खड़ी दूसरी कार को टक्कर मारते हुए मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया और पेड़ से जा टकराई। हादसे में दो महिलाओं और दो बच्चों समेत कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना के बाद सभी घायलों को पहले निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उन्हें पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां सुनीता देवी और उनके पोते आर्यन का करीब एक सप्ताह तक इलाज चला, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद सोमवार देर शाम दोनों ने दम तोड़ दिया।
एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दादी और पोते की मौत से गढ़बनैली इलाके में मातम पसरा हुआ है।
Post a Comment