बहादुरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदवार पंचायत के बंगाली चौक के समीप दो बाइकों के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में एक शिक्षक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के बनगवां निवासी साहेब लाल के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वे डलबाड़ी स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, साहेब लाल अपनी बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में साहेब लाल के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुट गए। इसी बीच दूसरी बाइक का सवार अपनी क्षतिग्रस्त बाइक घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना बहादुरगंज थाना पुलिस और मृतक के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार बाइक सवार की पहचान और मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।
Post a Comment