अररिया में गोलीकांड के बाद खौफनाक वीडियो वायरल! चार लोगों की अर्थी निकालकर दी गई चेतावनी? SP ने किया बड़ा खुलासा
अररिया/सिटी हलचल न्यूज़
बिहार के अररिया जिले में दिनदहाड़े हुई एक हत्या ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। कुर्साकांटा के पहुंसी-बलचंदा मार्ग पर महर्षि मेंही प्रोजेक्ट हाई स्कूल चौक के पास कार से जा रहे अमित भगत की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने पहले उनकी गाड़ी को टक्कर मारी और फिर पिस्टल से ताबड़तोड़ दो गोलियां चला दीं। एक गोली अमित के सिर में लगी, जिससे उनकी मौत हो गई।लेकिन इस हत्याकांड के बाद सामने आए एक वीडियो ने मामले को और भी रहस्यमय बना दिया है। वीडियो में चार लोगों की प्रतीकात्मक अर्थी निकाली जाती दिखाई दे रही है। चार पुतलों पर नाम लिखे हैं। दावा किया जा रहा है कि इनमें कुआड़ी थाना क्षेत्र के तीन और पहुंसी के एक व्यक्ति का नाम शामिल है। इनमें एक महिला का नाम भी होने की बात कही जा रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या अमित भगत के अलावा तीन और लोग भी किसी के निशाने पर हैं?इस पूरे मामले पर अररिया के एसपी जितेंद्र कुमार ने बड़ा बयान दिया है। एसपी के मुताबिक, शुरुआती जांच में अवैध संबंध से जुड़ा विवाद सामने आया है। पुलिस को हत्या करने वाले व्यक्ति के बारे में भी स्पष्ट जानकारी मिल गई है और केस डिटेक्ट कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया गया है।घटना शनिवार को कुर्साकांटा थाना क्षेत्र के पहुंसी-बलचंदा मार्ग पर महर्षि मेंही प्रोजेक्ट हाई स्कूल चौक के निकट हुई। मृतक की पहचान पहुंसी वार्ड संख्या-02 निवासी बद्री भगत के पुत्र अमित भगत के रूप में हुई है।जानकारी के मुताबिक, अमित भगत अपनी चार पहिया गाड़ी (BR 38 Q 8467) से पहुंसी की तरफ से आ रहे थे। इसी दौरान बलचंदा की तरफ से आ रही बोलेरो पिकअप (BR 11 G-5613) से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और हमलावरों ने पिस्टल निकालकर दो गोलियां चला दीं। गोली सीधे अमित के सिर में जा लगी।गोली चलने की आवाज से इलाके में अफरातफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर जुटे और सूचना पर पहुंची कुआड़ी पुलिस की मदद से घायल अमित को कुर्साकांटा पीएचसी ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल से पुलिस ने पिस्टल के दो खोखे भी बरामद किए हैं।
हत्या के बाद सामने आया चार लोगों की अर्थी वाला वीडियो
अमित भगत की हत्या के बाद एक वीडियो सामने आया है, जिसने पुलिस की जांच को एक नया मोड़ दे दिया है। वीडियो में बांस और फूस से चार पुतले तैयार कर उन्हें सफेद कपड़े से लपेटा गया है। इनके साथ प्रतीकात्मक अर्थी निकाली जाती दिखाई दे रही है। बीच में मिट्टी का घड़ा और जलता हुआ दीया भी रखा गया है। पुतलों पर कागज के जरिए चार लोगों के नाम लिखे गए हैं।बताया जा रहा है कि इन नामों में कुआड़ी थाना क्षेत्र के तीन और पहुंसी के एक व्यक्ति का नाम शामिल है। इनमें एक महिला का नाम भी होने की चर्चा है। इस वीडियो को लेकर इलाके में तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। हालांकि, वीडियो की वास्तविकता, इसे बनाने वालों और इसके पीछे की मंशा की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।
SP का बड़ा खुलासा: अवैध संबंध के विवाद में हत्या की आशंका
अररिया एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस की जांच में अब तक जो बातें सामने आई हैं, वे अवैध संबंध से जुड़े विवाद की ओर इशारा कर रही हैं। दोनों पक्षों के बीच पहले से किसी व्यक्ति को लेकर तनातनी चल रही थी। एसपी ने कहा कि हत्या करने वाले व्यक्ति के बारे में पुलिस को स्पष्ट जानकारी मिल गई है और केस डिटेक्ट कर लिया गया है।मामले में एसआईटी का गठन किया गया है। पुलिस घटना में शामिल सभी संदिग्धों की जल्द गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है। अब पुलिस की जांच का केंद्र हत्या की साजिश, हमलावरों की भूमिका और सामने आए चार नामों वाले वीडियो की सच्चाई है।
रजिस्ट्री ऑफिस में करते थे काम, दो मासूम बेटों के सिर से उठा पिता का साया
अमित भगत रजिस्ट्री ऑफिस में मोहर्रिर के मुंशी के रूप में काम करते थे। परिवार के भरण-पोषण की मुख्य जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। उनकी हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।अमित दो भाइयों में छोटे थे। उनके बड़े भाई अमरनाथ भगत सरकारी सेवा में हैं और उनकी दो बहनें भी हैं। अमित की शादी फारबिसगंज में हुई थी। उनके दो बेटे हैं- 15 वर्षीय ऐशराज और 11 वर्षीय युवराज। पिता की इस तरह हत्या हो जाने से दोनों बच्चो के सिर से पिता का साया उठ गया है।फिलहाल एसआईटी पूरे मामले की जांच कर रही है। एसपी के बयान के बाद पुलिस की कार्रवाई और संभावित गिरफ्तारियों पर सबकी नजर टिकी है।

Post a Comment