पूर्णियां/बालमुकुन्द यादव
किसान परिवार में जन्म लेकर सीमित संसाधनों के बीच साहित्य और रचनात्मक लेखन के क्षेत्र में अपनी पहचान स्थापित करने वाले धमदाहा प्रखंड के अभिषेक कुमार साहनी इन दिनों अपनी साहित्यिक उपलब्धियों को लेकर चर्चा में हैं। ग्राम अमारी कुकरौन, वार्ड संख्या-1, पंचायत कुकरौन पूर्व निवासी अभिषेक को साहित्य एवं रचनात्मक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए 'भाव सृजन शिखर राष्ट्रीय सम्मान' से सम्मानित किया जा चुका है। उनकी इस उपलब्धि से पूर्णिया जिले का मान बढ़ा है।
अभिषेक के पिता अशोक कुमार साहनी साधारण किसान हैं। किसान परिवार में पले-बढ़े अभिषेक ने शिक्षा, साहित्य, सामाजिक चेतना और रचनात्मक लेखन के प्रति अपनी रुचि के दम पर अलग पहचान बनाई है। वे युवा साहित्यकार, लेखक, कवि, शिक्षक एवं युवा शोधकर्ता के रूप में सक्रिय हैं। इसके साथ ही उन्हें रचनात्मक दिशा-प्रमुख के रूप में भी पहचान मिली है।हाल ही में मुंबई स्थित इंकलाब पब्लिकेशन की ओर से प्रकाशित पुस्तक उनके घर पहुंची। पुस्तक की घर पर डिलीवरी होने से परिवार में खुशी का माहौल रहा। इस अवसर पर अभिषेक ने प्रकाशन संस्थान और इससे जुड़े सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया।
अभिषेक की रचनाओं में सामाजिक समानता, महिला अधिकार, मानवीय संवेदना और सामाजिक जागरूकता जैसे विषय प्रमुखता से सामने आते हैं। 'मैं भी इंसान हूँ', 'मैं कन्यादान नहीं करूंगा', 'मासिक धर्म' और 'प्रेरणादायक गुरुदेव' जैसी रचनाओं के माध्यम से उन्होंने सामाजिक मुद्दों को साहित्यिक अभिव्यक्ति दी है। वहीं, उनका काव्य संग्रह 'आधुनिक काव्य श्रृंगार' भी उनकी रचनात्मक यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
साहित्यिक गतिविधियों के अलावा अभिषेक शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास के कार्यों से भी जुड़े हैं। वे 'बाल विज्ञान पर्यावरण एवं शैक्षणिक विकास परियोजना' में परियोजना प्रबंधक की भूमिका निभा रहे हैं। इस परियोजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों की शिक्षा, विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने, पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने और विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों के अवलोकन से जुड़े कार्यों में योगदान दे रहे हैं।
अभिषेक का मानना है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या संपन्न परिवार की मोहताज नहीं होती। गांव की मिट्टी, परिवार के संस्कार और निरंतर संघर्ष के बल पर भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है। उनकी उपलब्धि पर परिवारजनों, मित्रों, साहित्य प्रेमियों और क्षेत्र के शुभचिंतकों ने खुशी जाहिर की है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर साहित्य के क्षेत्र में पहचान बनाने की उनकी यात्रा क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन रही है।

Post a Comment