Top News

समाज सेवा के लिए सांसद पप्पू यादव को मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान, मानद दर्शनशास्त्र की उपाधि से नवाजे गए

पूर्णियां/बालमुकुन्द यादव 

पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को समाज सेवा के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया है। अमेरिकी संस्था यूनाइटेड अमेरिकन ईगल्स की ओर से उन्हें समाज सेवा, जनकल्याण और मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पण के लिए मानद दर्शनशास्त्र की उपाधि प्रदान की गई है। इस सम्मान की जानकारी मिलने के बाद उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे उनके सामाजिक योगदान का सम्मान बताया है


अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिलने पर सांसद पप्पू यादव ने इसे अपने जीवन के सबसे महत्वपूर्ण और भावुक क्षणों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी किसी पुरस्कार या सम्मान की अपेक्षा से काम नहीं किया। उनका जीवन सेवा, संघर्ष और मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पित रहा है। बाढ़, सुखाड़, अपराध, आपदा और संकट की परिस्थितियों में जरूरतमंदों की मदद करना हमेशा उनकी प्राथमिकता रही है। कठिन समय में लोगों के साथ खड़े रहना और उनकी जरूरत के अनुसार सहायता करना ही उनके सार्वजनिक जीवन का उद्देश्य रहा है।

सांसद ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि बिहार, पूर्णिया, मधेपुरा, सिंहेश्वर और देश के उन तमाम गरीबों, युवाओं, माताओं-बहनों एवं आम लोगों का सम्मान है, जिनका प्यार और विश्वास उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने इस सम्मान को अपने समर्थकों और उन सभी लोगों को समर्पित किया, जिन्होंने हर परिस्थिति में उनका साथ दिया। साथ ही सम्मान प्रदान करने वाली अमेरिकी संस्था यूनाइटेड अमेरिकन ईगल्स के प्रति आभार जताया।उन्होंने दोहराया कि जनसेवा का उनका संकल्प जीवन की आखिरी सांस तक जारी रहेगा। सम्मान मिलने से उनके सेवा भाव और जिम्मेदारी में कोई बदलाव नहीं आएगा। उनके लिए जनता का भरोसा और जरूरतमंदों की मदद ही सबसे बड़ा पुरस्कार है।

Post a Comment

Previous Post Next Post