Top News

पूर्णिया में जमीन विवाद ने लिया खू*नी रूप! रंगभूमि मैदान के पास चाकूबाजी, गले पर वार से एक व्यक्ति गंभीर

पूर्णियाँ /बालमुकुन्द यादव 

पूर्णिया शहर में जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। के.हाट थाना क्षेत्र के रंगभूमि मैदान स्थित एसएसबी कैंप के पास विवादित जमीन की घेराबंदी के दौरान दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और चाकू से हमले में अशोक साह गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि अजय प्रसन्न सिंह ने अशोक साह के गले पर चाकू से वार किया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार, इस खूनी संघर्ष के पीछे जमीन को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद है। बताया जाता है कि विवादित जमीन के स्वामित्व को लेकर अजय प्रसन्न सिंह और अशोक साह के बीच न्यायालय में मामला चल रहा है। पूरे विवाद की जड़ कथित फर्जी एग्रीमेंट और वसीयत बताई जा रही है। इसी जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव बना हुआ था


बताया जाता है कि सोमवार दोपहर अशोक साह विवादित जमीन की घेराबंदी करा रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग वहां पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट और चाकूबाजी की नौबत आ गई। आरोप है कि इसी दौरान अजय प्रसन्न सिंह ने अशोक साह के गले पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद आनन-फानन में घायल अशोक साह को इलाज के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अब जांच का विषय यह है कि आखिर जमीन के इस विवाद में चाकूबाजी की नौबत कैसे आई और हमले में किसकी क्या भूमिका रही। लंबे समय से न्यायालय में चल रहे जमीन विवाद के बीच हुई इस घटना ने शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post