लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अंचलाधिकारी गोपाल कुमार, थानाध्यक्ष हरि प्रसाद यादव एवं राजस्व अधिकारी चंद्र प्रकाश ने संयुक्त रूप से प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने बैसा पुल के समीप स्थित छठ घाट, डुमरिया छठ घाट सहित अन्य घाटों का जायजा लिया। उन्होंने छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा और उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक चर्चा की।
अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण के दौरान खतरनाक घाटों को चिह्नित किया गया है। ऐसे घाटों पर श्रद्धालुओं के नदी में उतरने पर रोक रहेगी। छठ पूजा के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर नाव के साथ गोताखोरों की टीम तैनात की जाएगी। वहीं, प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की भी तैनाती रहेगी।
अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा चिह्नित खतरनाक घाटों पर नहीं जाने की अपील की है, ताकि छठ पूजा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।
Post a Comment