Top News

स्मैक तस्करी में पुलिस को चकमा दे रहा था आरोपी, आखिरकार चढ़ा पुलिस के हत्थे


बहादुरगंज थाना पुलिस ने 19.16 ग्राम स्मैक बरामदगी मामले में लंबे समय से फरार चल रहे नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बहादुरगंज थाना क्षेत्र के फुलवारी निवासी मो. जुनेद (पिता नजामुद्दीन) के रूप में हुई है। रविवार को आवश्यक मेडिकल जांच और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

मामले की जानकारी देते हुए बहादुरगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि बीते अप्रैल माह में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भाटावरी से फुलवारी जाने वाली सड़क के समीप चोरी-छिपे स्मैक की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद आरोपी भागने लगे। इस दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी को 19.16 ग्राम स्मैक के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया था।

इस मामले में दूसरा नामजद आरोपी मो. जुनेद पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post