Top News

किशनगंज में धूमधाम से हुई मां काली की पूजा, मंदिरों और पूजा पंडालों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़


दीपावली के अवसर पर रविवार की रात जिलेभर में मां काली की पूजा-अर्चना पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ की गई। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक मां काली की आराधना को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पूजा को लेकर विभिन्न स्थानों पर आकर्षक एवं भव्य पंडाल बनाए गए थे। वहीं, मंदिरों को भी विशेष रूप से सजाया गया था। देर रात तक पूजा पंडालों और मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।

शहर के रूईधासा, लाइन, मिलन पल्ली, सुभाष पल्ली, धर्मगंज, रेलवे कॉलोनी, खगड़ा और हलीम चौक स्थित श्मशान काली मंदिर सहित अन्य पूजा स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान कई मंदिरों में परंपरागत बलि प्रथा का भी निर्वहन किया गया। मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में पाठा की बलि अर्पित की। देर रात तक मां काली के जयकारों से पूजा स्थल गूंजते रहे।

इधर, शहर के प्रसिद्ध डुमरिया काली मंदिर में महाप्रसाद खिचड़ी का भव्य आयोजन किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए शहर के अलावा दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की आवाजाही लगी रही। महाप्रसाद वितरण के दौरान लंबी कतारें देखी गईं।

मंदिर के अध्यक्ष सह वार्ड पार्षद प्रतिनिधि राजा सिंह ने बताया कि डुमरिया काली मंदिर के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। यहां दूर-दराज से भक्त मां के दर्शन और महाप्रसाद ग्रहण करने पहुंचते हैं। मंदिर समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने सेवा भाव से श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post