Top News

छठ घाटों का डीएम और एसएसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश


 लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने भागलपुर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि छठ पूजा को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। शहर के प्रमुख घाटों पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अन्य जरूरी इंतजाम भी तेजी से किए जा रहे हैं। छठ पूजा समितियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर स्थानीय समस्याओं का समय पर समाधान किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि छठ महापर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह तैयार है। सभी संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम

छठ महापर्व में महिलाओं एवं छठव्रतियों की बड़ी भागीदारी को देखते हुए उनकी सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। घाटों पर महिला पुलिस बल की तैनाती के साथ पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी भी प्रतिनियुक्त किए जाएंगे। छठव्रती महिलाओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम और शौचालय की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त रोशनी का इंतजाम किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी या असुरक्षा का सामना न करना पड़े।

रिपोर्ट : चमन अली | भागलपुर

Post a Comment

Previous Post Next Post