अमौर थाना क्षेत्र की तालबाड़ी पंचायत के रहट बलिया वार्ड संख्या-01 में एक युवक का अपहरण कर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाजार से घर लौट रहे युवक को कुछ लोगों ने रास्ते में घेरकर जबरन बाइक पर बैठा लिया और सुनसान जगह पर ले जाकर लोहे की रॉड व चाकू से बेरहमी से मारपीट की। हमले में युवक के दोनों पैर कई जगहों से टूट गए, जबकि एक हाथ में भी गंभीर फ्रैक्चर हुआ है। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गहरे जख्म आए हैं।
अस्पताल में इलाजरत पीड़ित जफर इमाम उर्फ जफरुल, पिता स्व. नईमुद्दीन ने बताया कि वह अपनी खाद-बीज दुकान के लिए सामान खरीदकर बाजार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। उनका मोबाइल छीनकर जबरन बाइक पर बैठा लिया और सुनसानजगह पर ले जाकर लोहे की रॉड व चाकू से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान वह बेहोश हो गए। पीड़ित के अनुसार, आरोपी उन्हें मृत समझकर झाड़ियों और दलदली जगह में फेंककर फरार हो गए।
होश आने पर स्थानीय महिलाओं ने उन्हें दलदल से बाहर निकाला और पानी पिलाया। इसी दौरान उनके चाचा तौसीफ आलम भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपियों को भागते हुए देखने का दावा किया है। इसके बाद टोटो की मदद से गंभीर रूप से घायल जफर को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पीड़ित ने मो. जाबुल, समद, सरबुल, अकरम समेत अन्य लोगों पर अपहरण और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पारिवारिक संपत्ति, जमीन और पुराने घरेलू विवाद को लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया। पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने पहले भी उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी।
उन्होंने बताया कि घटना से दो-तीन दिन पहले ही अमौर थाना और अनुमंडल दंडाधिकारी, बायसी के न्यायालय में आवेदन देकर अपनी तथा खाद-बीज दुकान की सुरक्षा की मांग की थी। आवेदन में आरोपियों पर चाकू और बंदूक से हत्या की धमकी देने का आरोप लगाया गया था। पीड़ित ने समय रहते कार्रवाई नहीं होने को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस से सभी आरोपियों की गिरफ्तारी कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, बायसी एसडीपीओ जितेंद्र पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। थानाध्यक्ष से बात कर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment