मुरलीगंज प्रखंड क्षेत्र के हरिपुरकला पंचायत अंतर्गत तिनकोनमा गांव स्थित मां काली खेल मैदान में बुधवार को बंगाल और खगड़िया की महिला टीमों के बीच फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेला गया। रोमांचक मुकाबले में बंगाल की टीम ने खगड़िया को 2-1 से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। खगड़िया की टीम एक गोल ही कर सकी।
मैच में निर्णायक की भूमिका राजकुमार यादव, लायंसमेन मनीष टुड्डू एवं विवेक बेसरा ने निभाई। वहीं, राहुल कुमार और प्रशांत ने कमेंट्री की।
खेल अध्यक्ष प्रमोद यादव ने बताया कि 100वें फुटबॉल खेल उत्सव का समापन हो गया। सात दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता में बिहार के कई जिलों की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन महिला फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया।
समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण के दौरान नगर पंचायत के पूर्व मुख्य पार्षद श्वेतकमल बौआ यादव, विवेकानंद यादव, पैक्स अध्यक्ष आलोक कुमार और विश्वजीत कुमार उर्फ पिंटू मुखिया ने विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। आयोजन समिति की ओर से अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर श्वेतकमल बौआ यादव ने कहा कि किसी भी खेल में नियम और अनुशासन का विशेष महत्व होता है। मैदान पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी दर्शकों का दिल जीत लेते हैं। उनके लिए हार-जीत से अधिक खेल भावना मायने रखती है।
मौके पर काली पूजा मेला अध्यक्ष विजय सिंह, सचिव चंद्र भूषण मेहता, लालचंद मरांडी, रंजन हेंब्रम, छोटू हसदा, छोटेलाल सोरेन, विनोद मेहता सहित अन्य लोग मौजूद थे।
Post a Comment