Top News

नहाय-खाय के दिन महानंदा नदी में डूबा किशोर, मौत; चचेरी बहन की तलाश जारी, दिसंबर में होनी थी शादी

लोक आस्था के महापर्व छठ के नहाय-खाय के दिन शुक्रवार को महानंदा नदी के मोजा बाड़ी घाट पर दर्दनाक हादसा हो गया। परिवार के साथ स्नान करने पहुंचे 14 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई, जबकि उसकी 22 वर्षीय चचेरी बहन अब भी लापता है। घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक की पहचान बहादुरगंज के सताल नेहाल भाग निवासी शिवम कुमार (14), पिता हरेंद्र कुमार यादव के रूप में हुई है। वहीं लापता युवती की पहचान प्रिया (22), पिता राजेश यादव के रूप में की गई है।

परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह शिवम और प्रिया छठ पर्व को लेकर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मोजा बाड़ी घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद एक युवक ने महानंदा नदी में छलांग लगाकर शिवम को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और लापता प्रिया की तलाश शुरू कर दी। टाउन थाना पुलिस ने शिवम के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया।

इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। बताया जाता है कि प्रिया की शादी आगामी दिसंबर माह में होने वाली थी। घर में शादी को लेकर उत्साह का माहौल था और प्रिया भी छठ पर्व की तैयारियों में जुटी थी। लेकिन नदी में डूबने की इस घटना ने परिवार की खुशियां छीन लीं।

मृतक शिवम के पिता हरेंद्र यादव टाउन थाने में पुलिस वाहन चालक के पद पर कार्यरत हैं। निजी कारणों से फिलहाल लंबी छुट्टी पर हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post