उत्पाद विभाग की टीम ने शुक्रवार अल सुबह शहर के रामपुर चेकपोस्ट के समीप वाहन जांच के दौरान 202.62 लीटर विदेशी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। मौके से दूसरा तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। टीम ने शराब तस्करी में प्रयुक्त बीआर 37 एपी 4922 नंबर की निशान ग्रेविटी कार को भी जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान माछमारा वार्ड संख्या 33 निवासी अमीरूद्दीन अंसारी के रूप में हुई है। वहीं फरार तस्कर की पहचान खगड़ा निवासी तस्लीम के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार, शराब तस्करी की सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर हैदर अली के नेतृत्व में उत्पाद विभाग की टीम ने रामपुर चेकपोस्ट के समीप वाहन जांच अभियान तेज कर दिया था। शुक्रवार अल सुबह दालकोला की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार को टीम ने बैरिकेडिंग कर रोका। कार रुकते ही एक तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। इसके बाद टीम ने कार की तलाशी ली, जिसमें विभिन्न ब्रांड की कुल 202.62 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध उत्पाद थाना में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं फरार तस्कर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर शराब तस्करी से जुड़े गिरोह का पता लगाया जा रहा है।
छापेमारी दल में इंस्पेक्टर हैदर अली के साथ एएसआई विनोद झा, कांस्टेबल रंजन कुमार, नीतीश कुमार, नारायण कृष्ण सहित अन्य उत्पाद विभाग के कर्मी शामिल थे।
Post a Comment