लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर विधायक विजय खेमका ने गुलाबबाग के अब्दुल्ला नगर पावर सब स्टेशन स्थित छठ पोखर पर स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान छठव्रतियों एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों ने श्रमदान कर छठ पोखर और उसके आसपास के परिसर की साफ-सफाई की।
इस अवसर पर विधायक विजय खेमका ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर पूर्णिया सहित पूरे बिहार में छठव्रतियों और बाहर से आने वाले प्रवासियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, एयरपोर्ट और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष साफ-सफाई, प्रकाश एवं छठ गीतों की व्यवस्था की गई है। पूर्णिया कोर्ट एवं पूर्णिया जंक्शन रेलवे स्टेशन, पूर्णिया एयरपोर्ट और बस स्टैंड को भी छठ पर्व के मद्देनजर सजाया गया है।
विधायक ने जिला प्रशासन एवं नगर निगम के अधिकारियों को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी छठ घाटों पर चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने खतरनाक घाटों पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त रोशनी, शौचालय, चेंजिंग रूम, साफ-सफाई और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि इस बार बड़ी नहर और छोटी नहर में पानी उपलब्ध नहीं रहने के कारण हजारों छठव्रतियों को वैकल्पिक स्थानों पर पूजा करनी पड़ रही है। ऐसे में प्रशासन और नगर निगम को इन स्थानों पर भी विशेष ध्यान देकर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए।
विधायक ने बताया कि 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व का शुभारंभ होगा। 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य और 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। उन्होंने छठी मैया से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए पूर्णियावासियों एवं प्रदेशवासियों को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं।
Post a Comment