Top News

शिक्षा से ही समाज और राष्ट्र का होगा सर्वांगीण विकास : प्रीतम देवी कुशवाहा


कोढ़ा प्रखंड अंतर्गत वैद्यनाथपुर सिमरिया में ब्राइट फ्यूचर इंटरनेशनल विद्यालय का उद्घाटन समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे एमएलसी अशोक अग्रवाल एवं जदयू महिला जिलाध्यक्ष प्रीतम देवी कुशवाहा का विद्यालय परिवार और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद दोनों अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर विद्यालय का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर एमएलसी अशोक अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत है। ग्रामीण क्षेत्र में बेहतर शैक्षणिक संस्थान की स्थापना होना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। इससे स्थानीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में विद्यालय और शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। विद्यालय प्रबंधन को शिक्षा के साथ बच्चों में संस्कार और अनुशासन विकसित करने पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए।

वहीं जदयू महिला जिलाध्यक्ष प्रीतम देवी कुशवाहा ने कहा कि शिक्षा से ही समाज और राष्ट्र का सर्वांगीण विकास संभव है। ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की व्यवस्था समय की मांग है। शिक्षा के माध्यम से बेटा-बेटी दोनों आत्मनिर्भर बनकर समाज और देश के विकास में अपनी भागीदारी निभा सकते हैं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों का सर्वांगीण विकास करना होना चाहिए।

उद्घाटन समारोह में स्थानीय लोगों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखा गया। लोगों ने क्षेत्र में नए विद्यालय की शुरुआत को शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल बताया।

Post a Comment

Previous Post Next Post