Top News

आदमपुर में आज सजेगी अशरफुल आलिया कॉन्फ्रेंस की महफिल, देशभर के नामचीन उलेमा करेंगे शिरकत



केनगर। प्रखंड के बनभाग चूनापुर पंचायत अंतर्गत आदमपुर गांव के वार्ड संख्या-7 में रविवार, 15 नवंबर को आयोजित होने वाले अशरफुल आलिया कॉन्फ्रेंस की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नौजवानान-ए-सीरतुन्नबी कमेटी आदमपुर के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य इस्लामी जलसे को लेकर इलाके में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से नामचीन उलेमा, पीर और नातख्वां शिरकत करेंगे।

मुखिया अशफाक आलम तथा समाजसेवी मासूम रजा एवं साहिल रजा ने बताया कि जलसे में उत्तर प्रदेश के किछौछा शरीफ से पीरे तरीकत रहबर-ए-शरीयत सैयद जलालुद्दीन अशरफ (कादरी मियां), सैयद आरफ अशरफ मियां, सैयद माज अशरफ (माज मियां) एवं सैयद फैजान अशरफ अशरफी मियां शामिल होंगे।
इसके अलावा कोलकाता से मौलाना ताहिर हुसैन मिस्बाही, निजामत के लिए कफील अंबर, दिल्ली से मशहूर नातख्वां महबूब जफर देहलवी, गोरखपुर से एहसान साकिर, दार्जिलिंग से उस्मान गनी साहब तथा काजी-ए-सीमांचल मुफ्ती जुबेर आलम सिद्दीकी, अरबी कॉलेज पूर्णिया सहित कई नामचीन उलेमा जलसे में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

जलसे के दौरान उलेमा-ए-किराम अपनी तकरीरों, नात और शेरो-शायरी के माध्यम से पैगंबर-ए-इस्लाम की सीरत, उनके आदर्शों और शिक्षाओं पर विस्तार से रोशनी डालेंगे। आयोजन समिति के अनुसार, कार्यक्रम में पूर्णिया सहित आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों की संख्या में अकीदतमंदों के पहुंचने की उम्मीद है।

जलसे को लेकर मेहमानों के स्वागत और अकीदतमंदों की सुविधा के लिए भव्य मंच एवं पंडाल का निर्माण कराया गया है। आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post