रौटा थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाने और कथित रूप से बंधक बनाकर रखने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जफर (21 वर्ष), पिता बहरोउद्दीन, निवासी अर्जुनभीटा हाट, थाना रौटा, जिला पूर्णिया के रूप में हुई है।
मामले को लेकर पीड़िता की मां, ग्राम पश्चिम सहरिया निवासी ने पुलिस को आवेदन देकर अपनी पुत्री के लापता होने की शिकायत की थी। आवेदन के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब सात बजे उनकी 14 वर्षीय पुत्री घर से दुकान पर बिस्कुट लाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी खोजबीन की। इसी दौरान जानकारी मिली कि जफर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
पीड़िता की मां ने आरोप लगाया था कि आरोपी के परिजनों ने उनकी पुत्री को अपने घर में बंद कर रखा था और परिजनों को उससे मिलने नहीं दिया जा रहा था। विरोध करने पर धमकी देने का भी आरोप लगाया गया था।
इस मामले में रौटा थाना कांड संख्या 241/26, दिनांक 12 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(3)/5 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जफर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रतर अनुसंधान एवं विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।
Post a Comment