बहादुरगंज थाना क्षेत्र की समेश्वर पंचायत अंतर्गत चारघरिया वार्ड संख्या-15 में शनिवार को 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गोपालपुर निवासी सिनोद कुमार हरिजन (25 वर्ष), पिता हरिलाल हरिजन के रूप में हुई है। उसका शव ससुराल से महज 200 मीटर की दूरी पर बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, सिनोद कुमार की शादी करीब दो वर्ष पूर्व ममता देवी से हुई थी। उसके ससुर का नाम सुरेंद्र प्रसाद हरिजन है। बताया जाता है कि वह पिछले एक महीने से अपने ससुराल में ही रह रहा था। शव मिलने के बाद मृतक के पिता ने ससुराल पक्ष पर बेटे की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि, हत्या के आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर बहादुरगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
Post a Comment