Top News

कटिहार में भीषण सड़क हादसा: हाइवा-ट्रैक्टर के बीच पिचका ऑटो, तीन लोगों की दर्दनाक मौत

कटिहार/सिटी हलचल न्यूज़ 

सुबह-सुबह रोजी-रोटी की तलाश में घर से निकले तीन सब्जी विक्रेताओं को क्या पता था कि मंडी तक पहुंचने से पहले ही उनकी जिंदगी का सफर खत्म हो जाएगा। तेज रफ्तार हाइवा, ट्रैक्टर और ऑटो के बीच ऐसा भीषण टक्कर हुआ कि ऑटो पूरी तरह पिचक गया। हादसे में ऑटो सवार तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। जिस परिवार की आजीविका इन सब्जी विक्रेताओं की मेहनत से चलती थी, वहां अब मातम पसरा है।

यह भीषण सड़क हादसा बिहार के कटिहार जिले के पोठिया थाना क्षेत्र में एनएच-31 पर बखरी मोड़ स्थित ई-किसान भवन के समीप हुआ। मृतकों की पहचान पूर्वी चांदपुर पंचायत के तेलियारी टोला निवासी भीम कुमार साह (35), पिता स्वर्गीय उपेंद्र साह, जितेंद्र साह (19), पिता गोपाल साह और बाजो साह (38), पिता महंत लाल साह के रूप में हुई है। हादसे में घायल एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर किया गया है।मिली जानकारी के अनुसार, तीनों मृतक और उनके साथ ऑटो पर सवार अन्य लोग रोज की तरह सुबह अपने गांव से सब्जी और फल खरीदने के लिए हरदा सब्जी मंडी जा रहे थे। सभी का पेशा सब्जी और फल बेचने का था। मंडी से सामान खरीदकर वे गांव लौटते और खुदरा बिक्री कर परिवार का भरण-पोषण करते थे।बताया जा रहा है कि जैसे ही उनका ऑटो एनएच-31 पर बखरी मोड़ स्थित ई-किसान भवन के पास पहुंचा, चालक ट्रैक्टर को ओवरटेक कर आगे निकलने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे हाइवा से ऑटो की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि ऑटो हाइवा और ट्रैक्टर के बीच बुरी तरह फंसकर चकनाचूर हो गया। ऑटो में बैठे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद हाइवा और ट्रैक्टर भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। ऑटो के अंदर लोग बुरी तरह फंसे हुए थे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद ऑटो को तोड़कर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला।सभी घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र समेली पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे पूर्णिया रेफर कर दिया गया।

इस हादसे ने सबसे ज्यादा बाजो साह के परिवार को तोड़कर रख दिया है। मृतक बाजो साह के भाई राजीव साह ने बताया कि तीनों मृतक बेहद गरीब परिवार से थे। वे मंडी से सब्जी और फल खरीदकर गांव में खुदरा बिक्री करते थे। इसी कमाई से उनके परिवार का भरण-पोषण होता था।राजीव साह के मुताबिक, बाजो साह की तीन बेटियां हैं। पिता की मौत के बाद अब इन बच्चियों के सिर से पिता का साया उठ गया है। परिवार के सामने रोजी-रोटी और बच्चों के भविष्य का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही पोठिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना में मारे गए लोगों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर मामले की जांच की जा रही है।स्थानीय स्तर पर हादसे की एक वजह सुबह का कुहासा भी बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि कुहासे के कारण दृश्यता कम थी। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगा।एक ही गांव के तीन लोगों की मौत से तेलियारी टोला पूर्वी चांदपुर में मातम पसरा हुआ है। सुबह परिवार के लिए कमाई करने निकले लोग जब घर नहीं लौटे तो उनके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

Post a Comment

Previous Post Next Post