जिले में एटीएम से रुपये निकालने में मदद करने का झांसा देकर ठगी करने वाला गिरोह फिर सक्रिय हो गया है। ताजा मामला भवानीपुर थाना क्षेत्र के स्टेट हाइवे-65 स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के एटीएम का है, जहां एक महिला का कार्ड बदलकर उसके खाते से 18,700 रुपये की अवैध निकासी कर ली गई।
जानकारी के अनुसार, बीकोठी थाना क्षेत्र के घोषई गांव निवासी रिंकी देवी 13 नवंबर को भवानीपुर स्थित पीएनबी के एटीएम से रुपये निकालने गई थीं। इसी दौरान एटीएम केबिन में मौजूद एक अज्ञात युवक ने उन्हें मदद करने का झांसा दिया। युवक ने महिला का एटीएम कार्ड अपने हाथ में लेकर चालाकी से असली कार्ड बदल दिया और उन्हें दूसरा कार्ड थमा दिया। महिला को इसकी भनक तक नहीं लगी।
कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर खाते से रुपये कटने का मैसेज आया। ठग ने तीन अलग-अलग बार में कुल 18,700 रुपये निकाल लिए थे। इसके बाद पीड़िता ने भवानीपुर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
प्रभारी थानाध्यक्ष दीपक कुमार गौतम ने बताया कि महिला के आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। एटीएम के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।
Post a Comment