Top News

चूड़ा मिल में मिला मैनेजर का शव, हत्या की आशंका; चार हिरासत में


शहर के गुंडा चौक के समीप स्थित जय महावीर ट्रेडर्स चूड़ा मिल में मंगलवार की सुबह मैनेजर विकास यादव का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक गुलाबबाग के हासदा निवासी थे और पिछले करीब तीन वर्षों से मिल में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मिल के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पूछताछ के लिए चार लोगों को हिरासत में लिया है।

परिजनों के अनुसार, विकास यादव सोमवार की रात काम समाप्त करने के बाद घर नहीं लौटे। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी बीच मंगलवार की सुबह चूड़ा मिल में उनका शव मिलने की सूचना मिली। खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

मृतक के बहनोई ने आरोप लगाया कि मिल के चार कर्मचारियों ने मिलीभगत कर पहले विकास यादव को शराब पिलाई और फिर उनकी हत्या कर दी। हालांकि, परिजनों के इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की सूचना पर सदर एसडीपीओ-1 अभिनव परासर और सदर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की और पूछताछ के लिए चार लोगों को हिरासत में लिया।

एसडीपीओ अभिनव परासर ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मृतक को उल्टी भी हुई थी। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post