Top News

गनशैदा में आग से 12 घर राख, लाखों की संपत्ति जली

बक्से में रखे एक लाख रुपए भी जले; बाइक, जनरेटर और टेंट का सामान स्वाहा

पूर्णियाँ /बालमुकुन्द यादव 

भवानीपुर। शहीदगंज पंचायत के गनशैदा गांव में शुक्रवार दोपहर आग ने भारी तबाही मचाई। वार्ड-1 में लगी आग से करीब 12 घर जलकर राख हो गए। घरों में रखे नकदी, जेवर, कपड़े, अनाज समेत लाखों की संपत्ति नष्ट हो गई। टेंट व्यवसाय का सामान, बाइक और जनरेटर भी आग की भेंट चढ़ गए। अगलगी के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।दोपहर में अधिकांश लोग खेतों में काम करने गए थे। इसी दौरान एक घर से आग की लपटें उठीं और देखते ही देखते आसपास के घरों तक फैल गईं। आग और धुएं का गुबार देखकर ग्रामीण दौड़कर पहुंचे, लेकिन तब तक आग विकराल हो चुकी थी। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, पर सफलता नहीं मिली।

सूचना पर रुपौली और टीकापट्टी से दमकल वाहन पहुंचे। दमकलकर्मियों और ग्रामीणों ने मिलकर आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक करीब दर्जनभर घरों का सामान जल चुका था। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है। ग्रामीण शॉर्ट सर्किट की आशंका जता रहे हैं।पीड़ित रणधीर मंडल ने बताया कि घर के बक्से में रखे एक लाख रुपए जल गए। कुछ दिन पहले जमीन बंधक रखी थी, जिसे दो दिन पहले ही रुपये देकर छुड़ाया था। घर में रखी नकदी भी आग में नष्ट हो गई।

विनोद मंडल का टेंट व्यवसाय का सामान, बाइक, जनरेटर, दर्जनभर पंखे, शामियाना और पर्दे जल गए। बीरो मंडल, शिवचरण मंडल, रणधीर मंडल, अनिल मंडल, गोविंद मंडल, विनोद मंडल, पवन मंडल, रंजीत मंडल और नंदन मंडल सहित कई परिवार प्रभावित हुए हैं।सूचना पर पुलिस और डायल 112 की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों के साथ आग बुझाने में सहयोग किया। घटना के बाद पीड़ितों के समक्ष भोजन, कपड़े और रहने की व्यवस्था का संकट खड़ा हो गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post