Top News

कटिहार में चोरी की कई घटनाओं का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार


कटिहार जिले में गृहभेदन और चोरी की लगातार हो रही घटनाओं के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से 3 लाख 63 हजार 750 रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल, सात मोबाइल और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, कुर्सेला थाना कांड संख्या 490/26 तथा कोढ़ा थाना के कांड संख्या 363/26, 393/26, 419/26, 445/26, 472/26 और 473/26 में अज्ञात चोरों ने घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इन मामलों के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर-02 एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम (एसआईटी) गठित की गई।

टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी कर पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनमें कुंदन कुमार (22), मनोज मंडल (26), कुंदन कुमार (26), प्रिंस कुमार मंडल (25) और सुदीश कुमार चौधरी (26) शामिल हैं। सभी कटिहार जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने आरोपितों के पास से 3,63,750 रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल और सात मोबाइल के अलावा चांदी की 22 अंगूठियां व बिछिया, पांच जोड़ी चांदी की पायल, बच्चों के चांदी के एक जोड़ी कड़े, सोने की पांच नाक की कील और दो कान की बालियां बरामद की हैं।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस गिरफ्तारी को जिले में हुई चोरी की कई घटनाओं के उद्भेदन में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post