Top News

सलाखों के पीछे छठी मैया की भक्ति! बिहार की 52 जेलों में 1215 बंदियों ने रखा व्रत, अपनों से दूर छलकी आंखें

बिहार की जेलों में गूंज रहा छठी मैया का गीत, सलाखों के पीछे 1215 बंदी कर रहे सूर्य उपासना

पूर्णियाँ /बालमुकुन्द यादव 

बिहार की जेलों में गूंजा छठ: सलाखों के पीछे भी नहीं टूटी आस्था की डोर, 52 जेलों में 1215 बंदियों ने रखा व्रत; कहीं मुस्लिम महिला तो कहीं सिख बंदी कर रहे सूर्य उपासना बाहर घरों में छठी मैया के गीत गूंज रहे हैं, घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है और परिवार के लोग एक साथ खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य देने की तैयारी कर रहे हैं। लेकिन बिहार की जेलों में भी कुछ ऐसी ही तस्वीर है। फर्क सिर्फ इतना है कि यहां छठ मनाने वाले व्रतियों के सामने खुला आसमान तो है, लेकिन अपनों का साथ नहीं। कोई मां अपने बच्चों से दूर छठ कर रही है तो कोई पत्नी अपने परिवार से बिछड़कर भगवान सूर्य की आराधना में लीन है। किसी की आंखों में घर लौटने की उम्मीद है तो किसी के मन में अपने किए का पश्चाताप। मगर इन सबके बीच छठी मैया के प्रति आस्था की डोर नहीं टूटी है।

बिहार की जेलों में इस बार लोक आस्था के महापर्व छठ की अद्भुत और भावुक तस्वीर देखने को मिल रही है। जेल की ऊंची दीवारें, लोहे की सलाखें और अपनों से दूरी भी बंदियों की श्रद्धा को रोक नहीं पाई है। कहीं महिला बंदियां निर्जला व्रत रखकर छठी मैया की आराधना कर रही हैं तो कहीं पुरुष बंदी अपने हाथों से छठ घाट तैयार करने में जुटे हैं। जेल परिसर में छठ के पारंपरिक गीत गूंज रहे हैं और बंदी पूरे विधि-विधान से भगवान सूर्य की उपासना कर रहे हैं।कारा प्रशासन के अनुसार, बिहार की 52 जेलों में कुल 1215 बंदी छठ महापर्व मना रहे हैं। इनमें 613 पुरुष और 602 महिला बंदी शामिल हैं। खास बात यह है कि इनमें 431 बंदी ऐसे हैं, जो पहली बार छठ व्रत कर रहे हैं। पहली बार व्रत करने वालों में 220 पुरुष और 211 महिला बंदी हैं। जेल प्रशासन की ओर से सभी व्रतियों को पूजा सामग्री और पर्व से जुड़ी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

पूर्णिया केंद्रीय कारा में 63 बंदी कर रहे छठ, महिलाओं की संख्या ज्यादा

पूर्णिया केंद्रीय कारा में भी छठ की अनूठी छटा देखने को मिल रही है। जेल की चारदीवारी के भीतर छठी मैया के गीतों की गूंज है। यहां कुल 63 बंदी छठ व्रत कर रहे हैं। इनमें 40 महिला और 23 पुरुष बंदी शामिल हैं। खास बात यह है कि यहां छठ करने वाली महिलाओं की संख्या पुरुषों से काफी अधिक है।छठ महापर्व को लेकर जेल प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं। कारा परिसर में आकर्षक छठ घाट तैयार किया गया है। घाट की साफ-सफाई और सजावट का विशेष ध्यान रखा गया है। बंदी व्रतियों को पूजा से जुड़ी सभी आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई है, ताकि वे पूरी श्रद्धा और विधि-विधान से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें।जेल परिसर में छठ के पारंपरिक गीतों की गूंज से माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया है। महिला और पुरुष बंदी मिलकर पर्व की परंपराओं का निर्वहन कर रहे हैं। केंद्रीय कारा अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि महिला और पुरुष बंदियों के लिए छठ व्रत से संबंधित सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। व्रतियों की सुविधाओं और आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

बेउर जेल में 37 बंदियों ने रखा व्रत, जेलर को सौंपी गई जिम्मेदारी

पटना स्थित आदर्श केंद्रीय कारा बेउर में भी छठ की तैयारी पूरी श्रद्धा के साथ की गई है। यहां 21 पुरुष और 16 महिला बंदी छठ व्रत कर रहे हैं। जेलर कौशल कुमार को पूरे आयोजन की विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।उन्होंने कहा कि छठ केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि आस्था, पवित्रता, अनुशासन और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। जेल में बंदियों को भी अपनी धार्मिक परंपराओं के अनुसार पर्व मनाने की सुविधा दी जा रही है।जेलों में छठ व्रतियों की धार्मिक आस्था और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। तालाबों में स्वच्छ पानी भरने के साथ गंगाजल भी मिलाया गया है, ताकि धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप अर्घ्य देने की व्यवस्था हो सके। जेल अधीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि व्रतियों को पर्व के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए हर जरूरी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

मुस्लिम महिला ने पहली बार रखा छठ व्रत, सात साल से सूर्य उपासना कर रहे सिख बंदी

मुजफ्फरपुर के शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा से छठ की सबसे खास और सामाजिक समरसता की मिसाल पेश करने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां 98 बंदी छठ व्रत कर रहे हैं। इनमें 51 महिलाएं और 47 पुरुष शामिल हैं।इन व्रतियों में मुस्लिम महिला रोशनी खातून और पंजाब के सिख बंदी गुरजीत सिंह भी शामिल हैं। रोशनी खातून ने पहली बार छठी मैया की आराधना के लिए व्रत रखा है, जबकि गुरजीत सिंह पिछले सात वर्षों से छठ व्रत करते आ रहे हैं।जेल परिसर के तालाब की सफाई कर उसे सजाया गया है। महिला व्रतियों के लिए साड़ी, चूड़ी और लहठी की व्यवस्था की गई है, जबकि पुरुष व्रतियों को धोती, गंजी और गमछा उपलब्ध कराया गया है। जेल रेडियो पर लोक गायिका शारदा सिन्हा के छठ गीत गूंज रहे हैं। धर्म और मजहब की सीमाओं से ऊपर उठकर छठी मैया की आराधना करते इन बंदियों की तस्वीर आस्था और आपसी सद्भाव का संदेश दे रही है।सीतामढ़ी जेल में 118 बंदी कर रहे छठ, तालाब को सजाकर बनाया घाट सीतामढ़ी मंडल कारा में भी छठ महापर्व को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। यहां कुल 118 बंदी व्रत कर रहे हैं। इनमें 76 पुरुष और 42 महिला बंदी शामिल हैं। जेल परिसर के तालाब की सफाई कर उसे सजाया गया है। व्रतियों के लिए फल, प्रसाद और पूजा सामग्री की व्यवस्था की गई है।

सलाखों के पीछे छठ, आंखों में अपनों की याद और घर लौटने की उम्मीद

छठ महापर्व में जब परिवार के लोग एक-दूसरे के साथ खड़े होकर सूर्य देव को अर्घ्य देते हैं, तब जेल में बंद व्रतियों के लिए यह पल और भी भावुक हो जाता है। किसी को अपने बच्चों की याद सताती है तो किसी को घर के आंगन और गांव के छठ घाट की। कई बंदियों के लिए यह पहला ऐसा छठ है, जब वे अपने परिवार के बीच नहीं हैं।लेकिन आस्था का यह पर्व उन्हें अपनों से दूर रहकर भी मानसिक संबल दे रहा है। जेल परिसर में जब छठी मैया के गीत गूंजते हैं और व्रती हाथ जोड़कर डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं, तो कुछ देर के लिए जेल की चारदीवारी के भीतर भी घर जैसा माहौल बन जाता है।दरअसल, छठ की सबसे बड़ी खूबसूरती ही यही है कि इसमें अमीरी-गरीबी, जाति-धर्म और ऊंच-नीच की कोई दीवार नहीं होती। बिहार की जेलों में मनाया जा रहा यह महापर्व भी उसी लोक आस्था, समानता और सामाजिक समरसता का जीवंत उदाहरण है। सलाखों के पीछे बंद इन व्रतियों की आंखों में भले ही अपनों से मिलने की तड़प हो, लेकिन हाथों में सूप और मन में छठी मैया के प्रति अटूट विश्वास है।

Post a Comment

Previous Post Next Post