पटना में चोरों के हौसले बुलंद! अब कानून मंत्री का घर भी सुरक्षित नहीं, बंद मकान को बनाया निशाना, लाखों के सामान की चोरी की आशंका
पटना/बालमुकुन्द यादव
बिहार में चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी बानगी राजधानी पटना में देखने को मिली है। यहां चोरों ने किसी आम आदमी के नहीं, बल्कि सम्राट चौधरी सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय सिंह टाइगर के निजी आवास को ही निशाना बना लिया। मंत्री परिवार के साथ छठ महापर्व मनाने अपने गृह जिले भोजपुर गए हुए थे। इधर बंद मकान को देखकर चोरों ने पूरी योजना के साथ धावा बोल दिया। घर के चार कमरों के ताले तोड़कर चोरों ने अलमारियां खंगालीं और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना सामने आने के बाद राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
छठ मनाने गए मंत्री, पीछे से घर में घुस गए चोर
मंत्री संजय सिंह टाइगर का पटना के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के एजी कॉलोनी में निजी आवास है। छठ महापर्व को लेकर मंत्री अपने परिवार के साथ घर से बाहर थे। इसी खालीपन का फायदा उठाकर चोरों ने उनके आवास को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि चोर घर में घुसे और एक-एक कर चार कमरों के ताले तोड़ दिए। इसके बाद कमरों में रखी अलमारियों को खंगाला और कीमती सामान लेकर निकल गए।हैरानी की बात यह है कि वारदात की भनक तक नहीं लगी। रविवार को जब चोरी का खुलासा हुआ तो इलाके में हड़कंप मच गया।चोरी की सूचना मिलते ही शास्त्री नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि कैमरों में कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस इन्हीं फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है।हालांकि, चोरी में कौन-कौन से सामान गायब हुए हैं और उनकी कुल कीमत कितनी है, इसका आधिकारिक खुलासा अभी नहीं हुआ है।शास्त्री नगर थानेदार के मुताबिक, फिलहाल इस मामले में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद ही चोरी गए सामान और उसकी कीमत का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है।जानकारी के अनुसार, मंत्री संजय सिंह टाइगर शनिवार शाम तक पटना में ही मौजूद थे। छठ महापर्व के दूसरे दिन उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी और पूर्व मंत्री मंगल पांडेय के आवास पर पहुंचकर खरना का प्रसाद ग्रहण किया था। इसके बाद वह अपने गृह जिले भोजपुर के लिए रवाना हो गए।छठ के तीसरे दिन मंत्री आरा के चंदवा स्थित प्रसिद्ध सूर्य मंदिर पहुंचे और भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना की। उन्होंने आरा के विभिन्न छठ घाटों का भी दौरा किया। इसी दौरान पटना स्थित उनके निजी आवास में चोरी की वारदात हो गई।
कौन हैं संजय सिंह टाइगर?
संजय सिंह टाइगर मूल रूप से भोजपुर जिले के बिहिया के रहने वाले हैं। वह भारतीय जनता पार्टी के आरा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। इससे पहले वह संदेश विधानसभा सीट से भी विधायक रह चुके हैं। बिहार में एनडीए सरकार बनने के बाद उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया था। सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बनी नई सरकार में भी उन्हें दोबारा मंत्री पद की जिम्मेदारी मिली है। वर्तमान में वह उच्च शिक्षा और विधि विभाग के मंत्री हैं।अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि राजधानी पटना में जब एक कैबिनेट मंत्री का निजी आवास ही चोरों से सुरक्षित नहीं है, तो आम लोगों के घरों की सुरक्षा का क्या हाल होगा? फिलहाल पुलिस की जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान होने का इंतजार है।

Post a Comment