Top News

6 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 10 करोड़ का सामान बरामद; 50 करोड़ की स्मैक बनाने की थी तैयारी!

अररिया/सिटी हलचल न्यूज़ 

बिहार के सीमांचल में नशे के काले कारोबार के खिलाफ अररिया पुलिस ने ऐसी कार्रवाई की है, जिसने स्मैक तस्करों के नेटवर्क में खलबली मचा दी है। पुलिस ने छापेमारी कर 4 किलो 80 ग्राम स्मैक के साथ भारी मात्रा में स्मैक बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है। इस कार्रवाई में पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कलियाचक के रहने वाले आरोपियों समेत कुल 6 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।इस पूरे मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि पुलिस को सिर्फ तैयार स्मैक ही नहीं, बल्कि नशे का जहर तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला भारी मात्रा में कच्चा माल और केमिकल भी मिला है। बरामदगी में 50 किलोग्राम सफेद पाउडर, एक लीटर CYNOR ACETYL CHLORIDE LR केमिकल, 5 लीटर डिस्टिल्ड वाटर और पैकिंग के लिए प्लास्टिक जीपर शामिल हैं।दी गई जानकारी के मुताबिक, बरामद सामग्री की कीमत करीब 10 करोड़ रुपये आंकी गई है और इससे लगभग 50 करोड़ रुपये मूल्य की स्मैक तैयार किए जाने की आशंका जताई गई है। यानी पुलिस ने कथित तौर पर नशे के कारोबार की उस पूरी सप्लाई चेन पर चोट की है, जहां तैयार माल के साथ उसे बनाने का कच्चा सामान भी जुटाया जा रहा था।यह कार्रवाई 12 नवंबर 2026 को अररिया पुलिस के विशेष अभियान 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत नगर थाना और आरएस थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर की।पुलिस की कार्रवाई में तस्करों की गिरफ्तारी अलग-अलग जगहों से हुई। छापेमारी का सिलसिला हड़ियाबारा टोल प्लाजा से शुरू हुआ और जोगबनी, कुशियारगांव तथा हड़िया चौक तक पहुंचा।पहली गिरफ्तारी हड़ियाबारा टोल प्लाजा पर हुई। यहां पुलिस ने पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कलियाचक निवासी 27 वर्षीय इस्माईल शेख को 812 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, उसकी निशानदेही पर जोगबनी से 29 वर्षीय रियाज अंसारी को पकड़ा गया।दूसरी बड़ी कार्रवाई कुशियारगांव में हुई। यहां हमसफर बस से यात्रा कर रहे मालदा के कलियाचक निवासी 34 वर्षीय रिंकु महलदार को पुलिस ने 1616 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया।तीसरी कार्रवाई हड़िया चौक पर हुई। यहां बिना नंबर प्लेट की काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें मालदा जिले के कलियाचक थाना क्षेत्र के 29 वर्षीय नवीरुल, 30 वर्षीय रमजानी महलदार और अररिया जिले के फारबिसगंज थाना क्षेत्र के 28 वर्षीय मुकेश कुमार शामिल हैं। इनके पास से 1652 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया।

इस तरह तीनों स्थानों से कुल 4080 ग्राम यानी 4 किलो 80 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

पुलिस की कार्रवाई में 50 किलोग्राम सफेद पाउडर, एक लीटर CYNOR ACETYL CHLORIDE LR केमिकल और पांच लीटर डिस्टिल्ड वाटर बरामद हुआ है। इसके अलावा 500 ग्राम प्लास्टिक पैकिंग जीपर भी जब्त किया गया है।बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपियों में मालदा का एक व्यक्ति स्मैक तैयार करने की प्रक्रिया में खासा माहिर था। अररिया जिला भौगोलिक रूप से काफी संवेदनशील है। यह भारत-नेपाल सीमा के नजदीक स्थित है और पश्चिम बंगाल से भी इसका संपर्क है। सीमावर्ती इलाकों में आवाजाही और परिवहन के कई रास्ते होने के कारण पुलिस के लिए मादक पदार्थों की तस्करी पर निगरानी एक बड़ी चुनौती बनी रहती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post